डीजल लेकर बिहार जा रहा एक व्यक्ति पकड़ाया

Newswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - सोनभद्र में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को डीजल का अवैध परिवहन करते समय पकड़ा। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने डीजल और पेट्रोल की जमाखोरी करने वालों को चेतावनी दी और कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित पर प्रभाव डालने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीजल लेकर बिहार जा रहा एक व्यक्ति पकड़ाया

सोनभद्र, संवाददाता। जिले से डीजल का अवैध परिवहन कर बिहार ले जाते समय एक व्यक्ति को जिला पूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार की शाम को पकड़ा। टीम ने पकडे़ गए व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं जिलाधिकारी बीएन सिंह ने डीजल और पेट्रोल की जमाखोरी करने वालों को सख्त चेतावनी दी तथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। बिहार के भभुआ के अधौरा थाना के चैनपुर गांव निवासी हीरालाल पुत्र इनरदेव जिले से शुक्रवार की शाम को डीजल का अवैध परिवहन कर बिहार राज्य ले जा रहे थे। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने डीजल ले जा रहे उक्त व्यक्ति की जांच की तो मामला सामने आया।

जिला पूर्ति विभाग की टीम ने डीजल को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की। वहीं जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था एवं जनहित को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। साथ ही कुछ तेल कंपनियों द्वारा क्रेडिट सुविधा समाप्त किए जाने के कारण कुछ पेट्रोल पम्प संचालकों द्वारा भुगतान न करने के चलते तेल की आपूर्ति न मिलने से कुछ पेट्रोल पम्पों के ड्राई होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में कुछ डीजल/पेट्रोल रिटेल आउटलेट द्वारा कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर जनपद में प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न की जा सकती है, जिससे इंकार नहीं किया जा सकता। इस स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त डीजल/पेट्रोल रिटेल आउटलेट संचालकों एवं जनसामान्य से कहा कि किसी भी दशा में डीजल व पेट्रोल की अनावश्यक जमाखोरी न करें तथा किसी प्रकार की जमाखोरी में संलिप्त न रहें। साथ ही किसी भी प्रकार का भ्रम, अफवाह अथवा दुष्प्रचार न करें। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।