स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - बभनी के ग्राम पंचायत बरवाटोला में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि कर्मचारियों ने मीटर लगाने के लिए 200 से 500 रुपये वसूले और कहा कि इसकी जानकारी किसी को न दें।

स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

बभनी, हिंदुस्तान संवाद। क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाटोला के कनवा सहित अन्य गांव में लग रहे स्मार्ट मीटर के नाम पर अवैध वसूली का आरोप उपभोक्ताओं ने लगाया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए शीघ्र इसकी जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। कनवा गांव निवासी भागीरथ और चरन सिंह ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर उनसे 500 रुपये लिए गए। वहीं रामखेलावन, प्रवीण, हरिशंकर और धनशाय ने बताया कि हम लोगों से भी मीटर लगाने के नाम पर 200 रुपये की वसूली की गई। कर्मचारियों के माध्यम से उपभोक्ताओं से यह भी कहा गया कि यदि कोई पूछे तो पैसे लेने की बात न बताएं।

क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर वसूली की शिकायतें पहले भी कई बार की जा चुकी हैं, लेकिन विभाग के माध्यम से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कंपनी के कर्मचारी मनमाने तरीके से वसूली कर रहे हैं। रामखेलावन की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाकर पैसे लेने के बाद बिल जीरो करने का आश्वासन दिया था। सरकार के माध्यम से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मीटर रीडिंग की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मीटर रीडिंग न होने के कारण उपभोक्ताओं के परिसर में स्थापित इलेक्ट्रॉनिक मीटरों में रीडिंग लगातार स्टोर होती जा रही है। जब मीटर बदलने के लिए कर्मचारी आते हैं, तो इसी स्टोर रीडिंग के नाम पर वसूली का खेल शुरू कर देते हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी के जिला सह सचिव देवकुमार विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह से नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं और किसी भी कर्मचारी को किसी तरह का पैसा नहीं देना है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।