आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर एकजुटता पर जोर
Sonbhadra News - बभनी में शनिवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में था। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने जातिगत भेदभाव मिटाकर हिंदू समाज को एकजुट करने पर जोर दिया। सम्मेलन में हिंदू धर्म की रक्षा और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चर्चा हुई।
बभनी, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय बाजार स्थित शिव मंदिर में शनिवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इसमें संघ की उपलब्धियों और कार्यों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, आरएसएस के विभाग संपर्क प्रमुख बृजेश, सुनीता देवी, राम लखन और शिव प्रसाद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए जातिगत भेदभाव मिटाना आवश्यक है। उन्होंने सभी हिंदुओं को एक मानने और सांस्कृतिक व आध्यात्मिक मूल्यों के आधार पर संगठित होने पर जोर दिया।
खरवार ने कहा कि आरएसएस जैसे संगठन सनातन धर्म और भारत के उत्थान के लिए सभी को एकजुट करने का आह्वान कर रहे हैं, ताकि जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर भारत विश्व गुरु बन सके। संघ के विभाग संपर्क प्रमुख बृजेश ने कहा कि इस देश के मूल निवासी हिंदू हैं, जो सनातन धर्म का सम्मानपूर्वक पालन करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्व में हर सातवां व्यक्ति हिंदू है, लेकिन इसके बावजूद हिंदुओं का कोई अलग राष्ट्र नहीं है, जबकि अन्य धर्मों के कई देश हैं। बृजेश ने हिंदू धर्म में अहिंसा की भावना और कण-कण में ईश्वर के दर्शन की बात पर भी जोर दिया। संयोजक ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य हिंदू संगठनों को एकजुट करना और धर्म व संस्कृति के बचाव पर चर्चा करना था। इसमें बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के संदर्भ में भी विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्षता राम लखन और संचालन सूर्यकांत ने किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा, जिला प्रचारक योगेश, दीपनारायण सिंह, सुजीत दुबे, चंद जीत सिंह, अभय सिंह, राकेश सिंह, शिव प्रसाद, डॉ. हीरालाल गुप्ता, नंद कुमार खरवार, श्रृषिकेश पांडेय, द्वारिका सिंह आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




