
कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
Sonbhadra News - सोनभद्र, संवाददाता। सोन संगीत फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार की शाम विवेकानंद प्रेक्षागृह में
सोनभद्र, संवाददाता। सोन संगीत फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार की शाम विवेकानंद प्रेक्षागृह में साहित्य और संगीत का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। आयोजक एवं फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा की तरफ से आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक संध्या ने श्रोताओं पर गहरी छाप छोड़ी। देर रात तक चले इस आयोजन में कवियों, शायरों और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से साहित्य-संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणावादिनी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश प्रसाद मिश्र, विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डा. धर्मवीर तिवारी और अजीत चौबे ने दीपदान कर आयोजन का विधिवत उद्घाटन किया।
प्रथम सत्र में कवि सम्मेलन की शुरुआत गीतकार ईश्वर विरागी की वाणी वंदना से हुई। उन्होंने अपनी कविताओं से माहौल को सरस बना दिया। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ओज कवि कमलेश राजहंस का सारस्वत नागरिक अभिनंदन किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने अपनी चर्चित रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान की रचनाओं ने श्रोताओं में देशभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम का सशक्त संचालन कर रहे प्रदुम्न त्रिपाठी ने ओजपूर्ण कविता से शहीदों को नमन किया। प्रयागराज से आए शायर शारिक मखदूम फूलपुरी ने गंभीर शायरी से खूब वाहवाही लूटी। इसके अलावा अशोक तिवारी, धर्मेश चौहान, दयानंद दयालू, विवेक चतुर्वेदी, जय राम सोनी, सुनील चौचक, गीतकार दिलीप सिंह ‘दीपक’ और शिवदास सहित अनेक कवियों ने विभिन्न रसों की कविताएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को सराबोर किया। द्वितीय सत्र में संगीत की रंगीन शाम सजी। प्रसिद्ध गायक चंदन सिंह मधुर और प्रख्यात गायिका रेशमी शर्मा ने संतोष मौर्य म्यूजिक ग्रुप की टीम के साथ लोकगीत, फिल्मी गीत, चैती, दादरा, कजली, होली गीत, वंदेमातरम् और देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। संगीत की लय पर सैकड़ों श्रोता देर रात तक झूमते नजर आए। कड़ाके की ठंड के बावजूद आयोजन अर्धरात्रि तक चलता रहा। बड़ी संख्या में प्रबुद्ध श्रोताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। अंत में आयोजक सुशील मिश्रा ने सभी अतिथियों, कवियों, कलाकारों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि संयोजक प्रदुम्न त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




