Sonbhadra News: सीएचसी में घुसकर भर्ती मरीज पर जानलेवा हमला, पांच गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को उस समय
Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 20 से 25 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अस्पताल में भर्ती घायल मरीज पर जानलेवा हमला कर दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हमलावरों ने मरीज को घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे चिकित्साधीक्षक पर भी हमला कर दिया, जिसमें उनके हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने जान से मारने की कोशिश, गाली-गलौज, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के भटौलिया गांव निवासी रमेश ने आरोप लगाया कि उसके बड़े भाई राजेश मौर्य, पिता कन्हई तथा छोटे भाई राकेश खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के विकास, आकाश, सुनीता और कृष्णावती सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों को एंबुलेंस से मधुपुर सीएचसी लाया गया, जहां उपचार के दौरान मोतीलाल, राहुल, शिवम, विरेन्द्र मौर्य और शिवलाल मौर्य समेत 20-25 लोग अस्पताल में घुस आए और भर्ती राजेश मौर्य पर दोबारा हमला कर दिया। मरीज को पीटने का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि हिन्दुस्तान अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। आरोप है कि हमलावरों ने गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे चिकित्साधीक्षक डॉ. अखिलेश और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी चोटिल हो गए। हमलावरों ने अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी रजिस्टर फाड़ दिए तथा दरवाजों और खिड़कियों में भी तोड़फोड़ की। गंभीर रूप से घायल राजेश मौर्य को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। उधर मामले की जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रमेश कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचकर घायल चिकित्साधीक्षक से मामले की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर विकास, आकाश, सुनीता, कृष्णावती, मोतीलाल, राहुल, शिवम, विरेन्द्र मौर्य और शिवलाल मौर्य सहित नौ नामजद तथा 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की कोशिश, गाली-गलौज, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं चिकित्साधीक्षक डॉ. अखिलेश ने भी सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ को लेकर अलग से तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मोतीलाल, राहुल, शिवम, विरेन्द्र मौर्य और शिवलाल मौर्य को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


