आग से बचाव, रेस्क्यू और आपदा प्रबंधन की दी जानकारी
Sonbhadra News - सोनभद्र में अग्निशामक विभाग ने जिला अस्पताल लोढ़ी में अग्निसुरक्षा साप्ताहिक अभियान चलाया। कार्यक्रम में आग से बचाव, आपात स्थिति में कदम और प्राथमिक रेस्क्यू तकनीकों पर जानकारी दी गई। कर्मचारियों को फायर एक्सटिंगिशर के उपयोग का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। सभी से अग्निशामक उपकरणों की नियमित जांच और आपातकालीन निकासी मार्ग को सुरक्षित रखने की अपील की गई।
सोनभद्र। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में संचालित अग्निसुरक्षा साप्ताहिक अभियान के तहत शनिवार को जिला अस्पताल लोढ़ी सहित अन्य चिकित्सालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का संचालन अग्निशमन अधिकारी करन सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें अस्पतालों में आग से बचाव और आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर में आग लगने के संभावित कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, गैस सिलेंडरों के रखरखाव तथा आपात स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों के बारे में कर्मचारियों को जागरूक किया। टीम ने बताया कि अस्पतालों जैसे संवेदनशील स्थानों पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
अग्निशमन अधिकारी करन सिंह ने अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, घबराहट की स्थिति को नियंत्रित करने तथा प्राथमिक रेस्क्यू तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना के दौरान शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और यदि कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की सही जानकारी हो तो बड़े नुकसान को रोका जा सकता है। इस दौरान फायर एक्सटिंगिशर के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशमन उपकरणों की जानकारी देते हुए उन्हें चलाने की विधि सिखाई। कर्मचारियों ने भी प्रशिक्षण में रुचि दिखाते हुए उपकरणों का प्रयोग कर अभ्यास किया। कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, विद्युत वायरिंग की समय-समय पर निगरानी तथा आपातकालीन निकासी मार्ग को हमेशा सुरक्षित और खाली रखने की अपील की गई। अभियान के दौरान अस्पताल के डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सुरक्षाकर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अग्निशमन विभाग ने लोगों से आग से संबंधित घटनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल फायर सर्विस को सूचना देने की अपील की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


