कचरे के ढेर में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
बीजपुर बाजार के उत्तरी पटरी पर सोमवार रात एक बड़े कचरे के ढेर में आग लग गई। आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सीआईएसएफ के दमकल कर्मियों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

बीजपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय बीजपुर बाजार के उत्तरी पटरी पर सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां मौजूद कचरे के एक बड़े ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आस-पास के रहवासियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ के दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बीजपुर बाजार क्षेत्र में अचानक उठीं आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। यह एक व्यस्त बाजार क्षेत्र है इसलिए आस-पास की दुकानों और घरों पर खतरा मंडराने लगा।
अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना सीआईएसएफ के दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के फायर फाइटर तीव्र गति से दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर फाइटरों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और आग पर पानी की बौछारें शुरू कर दीं। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


