Sonbhadra News: कास्मेटिक की दुकान में आग से लाखों की क्षति
Sonbhadra News: चोपन के अग्रवाल मार्केट में सोमवार रात एक सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान में आग लग गई। दुकान में मौजूद परिवार समय पर बाहर निकल आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग की आशंका जलते दीये के कारण जताई गई है, जिससे लाखों रुपये का सामान जल गया।

Sonbhadra News: चोपन, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कस्बे के अग्रवाल मार्केट में सोमवार की रात एक सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय दुकानदार का परिवार उसी कमरे में मौजूद था। समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटे भर मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पूजा करने के लिए जलाए दीये से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। चोपन नगर के अग्रवाल मार्केट में वीरेन्द्र शर्मा की सिलाई और कास्मेटिक की दुकान है। दुकानदार वीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सोमवार की रात वे परिवार के साथ दुकान में पूजा कर रहे थे।
पूजा करने के लिए दीया भी जलाया गया था। पूजा करने के बाद परिवार के सभी लोग दुकान में ही मौजूद थे। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। आग फैलने पर सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपट देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड कर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घंटे भर मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक लाखों रुपये का सामान जल चुका था। पीड़ित दुकानदार वीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि आग से लगभग दो लाख रुपये का सामान जल गया। पूजा के लिए जले दीये से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की जानकारी नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चोपन गोपालजी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिया।


