गेहूं खरीद को लेकर किसानों का कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
Sonbhadra News - सोनभद्र में किसानों ने बोरे की कमी के कारण गेहूं की खरीद प्रभावित होने पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्रय केंद्रों पर बोरे की उपलब्धता की मांग की। उनका कहना है कि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो गई है, लेकिन बोरे की अनुपलब्धता के कारण खरीद पूरी तरह से रुकी हुई है।
सोनभद्र, संवाददाता। क्रय केन्द्रों पर बोरे के अभाव में गेहूं खरीद प्रभावित होने से आक्रोशित किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ उत्तर प्रदेश के संयोजक चंद्रभूषण पांडेय के नेतृत्व में शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उप्र शासन लखनऊ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर क्रय केंद्रों पर बोरा उपलब्ध कराये जाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में एक अप्रैल से ही गेंहू की खरीद के लिए क्रय केन्द्रों को क्रियाशील कर दिया गया है, लेकिन बोरा के अनुपलब्धता के कारण गेंहू का क्रय किया जाना पूर्णतया बंद है। इस कारण किसान अपने आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए अपना गेंहू औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर हो गये हैं।
इससे किसानों को उनके पारिश्रम व लागत के अनुरूप उचित मूल्य व दाम नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गेंहू क्रय किये जाने के लिए जनपद के सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल बोरा उपलब्ध कराया जाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उपरोक्त परिस्थितियों तथा किसानों की विवशता पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए क्रय केन्द्रों पर बोरा उपलब्ध कराते हुए गेंह खरीद शुरु करवाये जाने की मांग की। इस मौके पर प्रभाशंकर मिश्र, बिजेंद्र सिंह, कमला प्रसाद, बंटी पांडेय, आलोक पांडेय, सत्यदेव पांडेय, रंगनाथ मिश्र, बृजभूषण मिश्र आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


