धान खरीद में सरकार का दोहरा रवैया अपनाने का आरोप
Sonbhadra News - सोनभद्र के किसानों ने सरकार के दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का कहना है कि चंदौली में धान खरीद जारी है, लेकिन सोनभद्र में अचानक खरीद बंद कर दी गई है। मोर्चा ने मांग की है कि धान खरीद प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, अन्यथा आंदोलन बढ़ाया जाएगा।

सोनभद्र, संवाददाता। जनपद के किसानों के साथ सरकार की तरफ से दोहरा रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मोर्चा का कहना है कि जहां पड़ोसी जनपद चंदौली में धान खरीद सुचारु रूप से जारी है, वहीं सोनभद्र में किसानों की धान खरीद अचानक बंद कर दी गई, जो सरासर अन्यायपूर्ण और किसान विरोधी निर्णय है। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में सोनभद्र जनपद से लगभग एक लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक केवल एक लाख तीन हजार मीट्रिक टन धान की खरीद कर अचानक प्रक्रिया बंद कर दी गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस वर्ष पिछले साल की तुलना में धान का उत्पादन अधिक हुआ है, तो फिर खरीद रोके जाने का निर्णय किस आधार पर लिया गया। कहा कि सरकार की इस नीति से हजारों किसान धान बेचने के लिए मजबूरन भटक रहे हैं और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के अन्याय को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। कहा कि सोमवार को विजयगढ़ क्षेत्र के रामगढ़ स्थित धान क्रय केंद्र, जिसे जनपद का धान का कटोरा कहा जाता है, वहां धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से सरकार और प्रशासन को किसानों की पीड़ा से अवगत कराया जाएगा। कहा कि धरना-प्रदर्शन की सूचना प्रशासन को पत्र के माध्यम से दे दी गई है और मांग की गई है कि धान खरीद को तत्काल प्रभाव से पुन: शुरू किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


