
शिकायत के बाद भी नहीं बंद हुई नहर
संक्षेप: Sonbhadra News - घोरावल ब्लाक के शाहगंज रजवाहा और विसरेखी माइनर को बंद करने की मांग की जा रही है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण उनकी धान की फसल बर्बाद हो रही है। नहर चालू रहने से फसल और प्रभावित हो रही है, जिससे रबी की खेती पर भी असर पड़ेगा।
घोरावल(सोनभद्र), हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय ब्लाक के शाहगंज रजवाहा और विसरेखी माइनर को बंद करने के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन अब तक नहर बंद नहीं की गई। इससे किसानों की धान की फसल बर्बाद हो रही है। किसानों ने नहर को तत्काल बंद कराए जाने की मांग की है। घोरावल ब्लाक के शाहगंज रजवाहा एवं विसरेखी माइनर से सैकउ़ों एकड़ खेत की सिंचाई की जाती है। पिछले दिनों लगातार पांच दिनों तक बे मौसम बरसात के कारण पहले ही किसानों की फसल प्रभावित हुई है। इसके बाद भी शाहगंज रजवाहा और बिसरेखी माइनर चालू किए जाने से किसानों की धान की फसल प्रभावित हो रही है।

ज्ञात हो कि तेज बरसात एवं हवा के कारण किसानों की धान की फसल पहले ही खेत में गिर चुकी है तथा खेत में पानी होने से धान का फसल खेत में ही नष्ट हो रही है। इसके बाद नहर चालू किए जाने से किसानों की भारी क्षति हो रही है। एक तरफ जहां धान की फसल नष्ट हो रही है, वहीं दूसरी तरफ रबी की खेती भी प्रभावित होगी। बिसरेखी गांव के कृषक एवं पूर्व ग्राम प्रधान राजवीर सिंह, केवटा ग्राम के हिमांशु कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, मुंगेहरी गांव के ग्राम प्रधान छोटेलाल, वीरेंद्र सिंह सहित एक दर्जन से अधिक गांव के किसानों ने उपरोक्त समस्या की तरफ जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शाहगंज रजवाहा एवं विसरेखी माइनर तत्काल बंद किए जाने की मांग किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




