Sonbhadra News: करंट की चपेट में आकर किसान की मौत, मचा कोहराम
Sonbhadra News: दुध्दी क्षेत्र के महुअरिया तुर्रीडीह गाँव में एक किसान, शोभनाथ यादव, की एलटी लाइन के बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। वह खेत में धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे। घटना में गंभीर झुलसने के बाद उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

Sonbhadra News: दुद्धी, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया तुर्रीडीह गांव में शनिवार की सुबह उपर से गुजरे एलटी लाइन के बिजली के तार की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। वह सुबह खेत की सिंचाई कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के तुर्रीडीह निवासी 38 वर्षीय शोभनाथ यादव पुत्र बेचन यादव का घर महुअरिया-तुर्रीडीह सीमा पर स्थित है। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे वह अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। काम पूरा करने के बाद जब वह खेत से बाहर निकल रहे थे, तभी खेत में लटक रहे एलटी लाइन के बिजली के तार के करंट की चपेट में आ गए।
इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह विद्युत तार से उन्हें अलग किया। इसके बाद घटना की सूचना ग्राम प्रधान और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


