अवैध खनन पर खनन अधिकारियों की तय की जाएगी जिम्मेदारी
Sonbhadra News - सोनभद्र में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी बीएन सिंह ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। सभी विभागों को मिलकर अभियान चलाने के लिए कहा गया।

सोनभद्र, संवाददाता। जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान खनन, पुलिस, वन विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में कहीं भी अवैध खनन पाए जाने पर संबंधित खनन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में नदियों के जल क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाए। यदि किसी भी स्थान पर अवैध खनन पाया जाता है तो संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा कार्यवाही सुनिश्चित की जाये एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। वन क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर वन विभाग की तरफ से प्रभावी अभियान चलाकर निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर तत्काल जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई की जाए, नंबर प्लेट बदलकर परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। इस मौके पर ज्येष्ठ खान खान अधिकारी कमल कश्यप, डीएफओ राबर्टसगंज, सीओ नगर रणधीर मिश्रा आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




