दक्षिणांचल में छाया घना कोहरा, वाहनों की रफ्तार थमी
Sonbhadra News - सोनभद्र में बुधवार को घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चे और कार्यालय के कर्मचारी भी देर से पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए धीमी गति से चलने और हेडलाइट का उपयोग करने की अपील की।

सोनभद्र, संवाददाता। दक्षिणांचल में बुधवार को एक बार फिर कई दिनों बाद घना कोहरा छा गया। इससे सुबह से ही जनजीवन प्रभावित नजर आया। कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई और वाहन चालकों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, वहीं कुछ मार्गों पर हल्के जाम की स्थिति भी बन गई। बुधवार की सुबह के समय जब लोग रोजमर्रा के काम के लिए घरों से निकले तो कोहरे की मोटी परत ने उनका रास्ता मुश्किल कर दिया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ा।
स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और बाजार निकलने वाले लोगों को भी देर से पहुंचने की समस्या झेलनी पड़ी। हालांकि आसमान में बादल छाए रहने के कारण ठंडक में कुछ कमी जरूर महसूस की गई, लेकिन कोहरे की वजह से ठिठुरन और नमी बनी रही। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से बुजुर्गों और बच्चों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट और हेडलाइट का प्रयोग करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




