
धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें काल
Sonbhadra News - बीजपुर पुलिस ने हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताये गए। पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी और सुरक्षा दिशा-निर्देश भी साझा किए।
बीजपुर, हिन्दुस्तान संवाद। साइबर जागरूकता अभियान के क्रम में बुधवार को बीजपुर पुलिस ने नक्टू बैरियर स्थित हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल लेनदेन और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रयोग के साथ साइबर फ्रॉड का खतरा भी बढ़ा है। उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी के साथ भी वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। जितनी जल्दी सूचना दी जाएगी, ठगी गई राशि को वापस पाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
पुलिस टीम ने बच्चों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिनमें अपना ओटीपी पिन या बैंक पासवर्ड किसी को न बताएं। अनजान लिंक या लुभावने विज्ञापनों पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन लागू करें। कार्यक्रम के अंत में पुलिस की तरफ से साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों वाले पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। इस मौके पर हे.का. विपीन यादव, का.सरोज, अमित कुमार, श्रीकृष्ण, महिला आरक्षी निहारिका पांडेय आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




