विकास नगर में दूषित पानी का सप्लाई होने से परेशानी
Sonbhadra News - राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के विकास नगर में चार महीने से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। वार्ड के लोगों ने नगर पालिका को कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। गर्मियों में पानी की आवश्यकता बढ़ गई है और लोग बीमारियों के प्रति चिंतित हैं। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

सोनभद्र, संवाददाता। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के विकास नगर में लगातार चार माह से सप्लाई का पानी दूषित व गंदा आने से वार्ड के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के लोगों ने इसे लेकर कई बार नगर पालिका को अवगत कराया, लेकिन नगर पालिका के तरफ से अभी तक कोई कारगर कदम नहीं इस ओर नहीं उठाया जा सका है। इसको लेकर नगर के लोगों में धीरे-धीरे आक्रोश बढ़ रहा है। वार्ड के लोगों ने नगर पालिका को अवगत कराते हुये शीघ्र शुद्ध जलापूर्ति कराये जाने की मांग की है। वार्डवासियों में ओमकार, क्षमानाथ द्विवेदी, सोहनलाल गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि ने बताया कि चार माह से नगर पालिका के माध्यम से सप्लाई होने वाला पेयजल पूरी तरह से दूषित व गंदा आने के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
इसके लिए कई बार संबंधितों को अवगत कराया गया, लेकिन इस ओर ध्यान न दिये जाने से आज तक स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। इसके चलते वार्ड के लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी जद्दोजहद करना पड़ रहा है। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में पानी की जरूरत काफी हद तक बढ़ जाती है। वार्डवासियों ने बताया कि अगर इसी दूषित पानी का सप्लाई नगर पालिका के माध्यम से किया जाता रहा तो आने वाले दिनों में वार्ड के लोग दूषित पानी का सेवन कर गंभीर बीमारियों की जद में आ जायेगे। वार्डवासियों ने नगर पालिका के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए शीघ्र शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल कराये जाने की मांग की है। वार्डवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही शुद्ध जलापूर्ति बहाल नहीं करायी गयी तो आने वाले दिनों में इसे लेकर वार्ड के लोग एकजुट होकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


