Sonbhadra News: परिषदीय विद्यालयों में शतरंज की बिसात पर दिखेगी प्रतिभा
Sonbhadra News: परिषदीय विद्यालयों में शतरंज की बिसात पर दिखेगी प्रतिभा की बिसात पर भी परखी जाएगी। विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच, निर्णय क्षमता, धैर्य और र

Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की प्रतिभा अब शतरंज की बिसात पर भी परखी जाएगी। विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच, निर्णय क्षमता, धैर्य और रणनीतिक कौशल विकसित करने के लिए शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से शुरू होकर संकुल और ब्लॉक होते हुए जनपद स्तर तक पहुंचेगी। प्रतियोगिता में कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों को समूह-ए और कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को समूह-बी में रखा गया है। विभाग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना ही नहीं, बल्कि परिषदीय विद्यालयों में शतरंज को नियमित खेल गतिविधि के रूप में विकसित करना भी है। इसके जरिए विद्यालयों में छिपी शतरंज प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। जारी कैलेंडर के अनुसार एक से 21 अक्टूबर तक जिले के परिषदीय विद्यालयों में शतरंज प्रशिक्षण एवं अभ्यास अभियान चलेगा। इस दौरान बच्चों के साथ शिक्षकों को भी शतरंज के मानक नियम, मोहरों की चाल, खेल की तकनीक और रणनीति की जानकारी दी जाएगी। अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता होगी। 28 अक्टूबर को संकुल स्तर पर प्रतिभागियों के बीच मुकाबला कराया जाएगा। वहीं 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष ब्लॉक स्तरीय शतरंज महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद एक से 13 नवंबर तक जनपद स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी की जाएंगी और 14 नवंबर, बाल दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय ग्रैंड फिनाले प्रस्तावित है.
प्रतियोगिता की तैयारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके लिए नो बैग डे यानी शनिवार और विशेष दिवसों को प्राथमिकता दी गई है। विभाग का मानना है कि शतरंज जैसे खेल बच्चों को मनोरंजन के साथ सोचने, परिस्थितियों का आकलन करने और सही निर्णय लेने की आदत विकसित करने में मदद करते हैं। शतरंज में हर चाल से पहले संभावित परिणामों पर विचार करना पड़ता है। ऐसे में नियमित अभ्यास से बच्चों में समस्या समाधान, धैर्यपूर्वक निर्णय लेने, रणनीति बनाने और आगे की स्थिति का अनुमान लगाने की क्षमता विकसित हो सकती है। हार और जीत के अनुभव से खेल भावना तथा आत्मनियंत्रण को भी बढ़ावा मिलता है.
प्रतियोगिता का उद्देश्य
शतरंज प्रतियोगिता बच्चों के बीच शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी बौद्धिक क्षमता को निखारने की दिशा में एक अच्छी पहल होगी। शतरंज के नियमित अभ्यास से बच्चों में धैर्यपूर्वक निर्णय लेने, रणनीति बनाने और आगे की स्थिति का अनुमान लगाने की क्षमता विकसित होगी.
- जागृति अवस्थी, सीडीओ।


