आंजनगीरा, चागा मनाई गई खर होली, उड़े अबीर गुलाल
Sonbhadra News - म्योरपुर के आदिवासी गांव आजंनगीरा और चागा में होली का त्योहार शुक्रवार को मनाया गया। ग्रामीणों ने रंगों के साथ खेला और कर्मा गीत गाए। आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल में भी बच्चों और अध्यापकों ने मिलकर रंगों का उत्सव मनाया। दोनों स्थानों पर उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा।
म्योरपुर, हिंदुस्तान संवाद।स्थानीय ब्लॉक के आदिवासी बाहुल्य गांव आजंनगीरा और चागा में होली का त्यौहार शुक्रवार को ही मना लिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने रंग अबीर के साथ जमकर होली खेली और टोली में घूम कर मानर के थाप पर कर्मा गीत की धुन पर ठुमके भी लगाये। इन गांवों में एक सप्ताह पूर्व ही होली मनाने का रिवाज है। ग्राम प्रधान प्यारे लाल, कोटेदार कमाता, सुखन, अरविंद, सूरज, बलिराज आदि ने बताया कि आदिम जमाने से चली आ रही परम्परा के अनुसार होली का त्यौहार शुक्रवार को सप्ताह भर पहले खर होली के रूप में मनाया गया। ग्रामीणों ने रंग अबीर के साथ जम कर होली खेली और टोली में घूम कर मानर के थाप पर कर्मा गीत की धुन पर होली खेली।
इस दौरान महिलाओं ने भी जम कर ठुमके लगाए। शुक्रवार की आधी रात तक चले होली गीत और डोमकच के दौरान महुआ की दारू का भी खूब सेवन किया गया। सुबह धूल उड़ाने के बाद अपने इष्टदेव पर पुआ तथा दारू की बूंद चढ़ाने के बाद रंग खेलने और गांव में घुम कर कर्मा गाने का रिवाज लोगों को खूब भाता है। बभनी स्थित आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल में शनिवार को होली का त्योहार मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकों ने बच्चों के साथ मिलकर रंगों का उत्सव मनाया। उत्सव के दौरान बच्चों ने अध्यापकों को और अध्यापकों ने बच्चों को रंग लगाकर खुशी जाहिर की। सभी अध्यापक और बच्चों ने मिलकर खूब मस्ती की, जिससे विद्यालय का माहौल उल्लासपूर्ण हो गया। इस मौके पर प्रबंधक उत्तम गुप्ता, प्रधानाचार्य एके श्रीवास्तव, उप प्रधानाचार्य अंकित, लॉर्ड विश्वकर्मा, मनीष मौर्य, प्रशांत शर्मा, किरण गुप्ता, सोनिका अग्रहरि, रागिनी, मंजलि यादव आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



