अनियंत्रित कार रात में तालाब में गिरी, चालक सुरक्षित

Jan 21, 2026 10:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share Share
Follow Us on

Sonbhadra News - घोरावल-बर्दिया मार्ग पर एक कार रात में अनियंत्रित होकर बर्दिया तालाब में गिर गई। चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। सुबह कार का ऊपरी हिस्सा दिखने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने कार को तालाब से बाहर निकाला और जांच में कोई अन्य सवार नहीं मिला।

अनियंत्रित कार रात में तालाब में गिरी, चालक सुरक्षित

घोरावल, हिन्दुस्तान संवाद। घोरावल-बर्दिया मार्ग पर मंगलवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बर्दिया तालाब में जा गिरी। घटना की जानकारी चालक के अलावा किसी अन्य को नहीं थी, जिससे रातभर मामला अनजान रहा। बुधवार सुबह तालाब में डूबी कार का ऊपरी हिस्सा दिखाई देने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही शिवद्वार चौकी प्रभारी कवींद्र यादव मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर विनोद यादव भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। कार में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए एंबुलेंस और दमकल विभाग को भी बुलाया गया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को रस्सी से बांधकर ट्रैक्टर के सहारे तालाब से बाहर निकलवाया। जांच में कार के भीतर कोई सवार नहीं मिला, जिसके बाद राहत की सांस ली गई। पुलिस जांच में सामने आया कि कार चालक ने तालाब में गिरने से पहले ही वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली थी। इस दौरान उसे चोटें आई हैं। कार महेश गुप्ता, निवासी बर्दिया की बताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार महेश गुप्ता घोरावल तहसील में आरके कार्यालय में संविदा पर कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि घटना रात करीब 11 बजे की है, जब महेश गुप्ता घोरावल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश की ओर से आ रहे एक टीपर की तेज हेडलाइट से उनकी आंखें चकाचौंध हो गईं, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क छोड़ तालाब की ओर बढ़ने लगी। स्थिति भांपकर उन्होंने चलती कार से छलांग लगा दी, जबकि कार तालाब में जा गिरी। रात में उन्होंने किसी ग्रामीण को घटना की जानकारी नहीं दी और बुधवार सुबह उपचार के लिए निकल गए। इस संबंध में इंस्पेक्टर विनोद यादव ने बताया कि रात के समय कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर तालाब में चली गई थी। कार में कोई सवार नहीं था और वाहन को सुरक्षित बाहर निकलवा लिया गया है। एम्बुलेंस और दमकल को बाद में वापस भेज दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;