Sonbhadra News: बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रूपये की चोरी
Sonbhadra News: बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रूपये की चोरी मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिव

Sonbhadra News: ओबरा, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय चोपन रोड स्थित तिवारी भवन में बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के बाहर रहने के कारण घटना की जानकारी कई दिन बाद हुई। पीड़ित ने ओबरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मकान मालिक राजेश तिवारी अपने परिवार के साथ बिहार के औरंगाबाद में थे। इसी दौरान चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता तब चला, जब आठ जुलाई को उनकी छोटी बहन अंजना पांडेय अपने पास मौजूद दूसरी चाबी से घर खोलकर देखने पहुंचीं।
घर के अंदर सामान बिखरा मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ओबरा पुलिस और परिजनों को दी। शुक्रवार को राजेश तिवारी ओबरा पहुंचे और घर की जांच करने पर चोरी गए सामान की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक डायमंड नोजपिन, चार जोड़ी सोने के कान के आभूषण, रसोई के बर्तन तथा 35 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्य जुटाकर चोरों की पहचान में लगी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


