
दुद्धी में डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण की कोशिश, आरोपी से भिड़ी महिला
Sonbhadra News - दुद्धी(सोनभद्र),हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कस्बा स्थित रामनगर वार्ड नंबर सात में शनिवार की रात करीब
दुद्धी(सोनभद्र),हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कस्बा स्थित रामनगर वार्ड नंबर सात में शनिवार की रात करीब 8:30 बजे डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण की सनसनीखेज कोशिश से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर खेल रहे मासूम को उठाकर भाग रहा था, तभी पड़ोस की महिला ने साहस दिखाते हुए उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपी ने महिला पर ताबड़तोड़ हाथ-पैर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन महिला ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चे को बचा लिया। रामनगर निवासी रजनीकांत जायसवाल का डेढ़ वर्षीय पुत्र आनव जायसवाल देर शाम घर के बाहर खेल रहा था।
उसकी मां घर के अंदर खाना बना रही थी। इसी बीच रात करीब साढे आठ बजे घर के पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को उठाया और भागने लगा। उसी समय पड़ोस में रहने वाली बच्चे की रिश्ते में लगने वाली चाची बाथरूम के लिए पीछे गई थी। बच्चे की आवाज सुनकर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उसे लेकर भाग रहा है। महिला ने तत्काल साहस दिखाते हुए आरोपी को रोकने की कोशिश की और बच्चे को पकड़ लिया। इससे बौखलाए आरोपी ने महिला पर हमला कर दिया। हमले के बावजूद महिला डटी रही और बच्चे को नहीं छोड़ा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख आरोपी बच्चे को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना के बाद घायल महिला को परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। वहीं परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद रामनगर वार्ड सहित आसपास के इलाकों में दहशत और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सीओ दुद्धी राजेश राय ने बताया कि जानकारी के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




