समलैंगिक संबंधों के विरोध में बेटे ने मां को मार डाला; रिंच से सिर पर ताबड़तोड़ वार, हर कोई दंग
लखनऊ के नाका इलाके में समलैंगिक संबंधों का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोर ने लोहे के रिंच से वार कर मां की हत्या कर दी। 42 वर्षीय महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने 12वीं के छात्र आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।

लखनऊ के नाका इलाके में समलैंगिक संबंधों का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोर ने गुरुवार रात 42 वर्षीय मां की हत्या कर दी। उसने लोहे के रिंच से मां के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर मारा। पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी नाका विवेक चौधरी के मुताबिक नाबालिग 12वीं का छात्र है। पिता की चारबाग में कपड़े की दुकान है। गुरुवार रात नौ बजे पिता दुकान पर थे। इस बीच नाबालिग घर पहुंचा। मां से उसका विवाद हो गया। नाबालिग ने लोहे का रिंच उठाकर मां के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। कुछ ही देर में पिता और पुलिस भी आ गई।
समलैंगिक संबंधों के विरोध में हत्या
पुलिसकर्मियों ने नाबालिग को पकड़ लिया। वहीं उसकी मां को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाप्रभारी के मुताबिक नाबालिग के पास से वारदात में प्रयुक्त रिंच भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग समलैंगिक है। वह लड़कों के करीब रहता था। माता-पिता नाराज रहते थे और इसका विरोध करते थे। विरोध के कारण ही उसने मां की हत्या कर दी।
4 महीने से अलग फ्लैट में किराए पर रखा था
थाना प्रभारी के मुताबिक व्यवसायी और उनकी पत्नी, बेटे की हरकतों से त्रस्त थी। उन्होंने चार माह पूर्व गणेशगंज में एक किराए का फ्लैट लिया। वहां बेटे को रखे थी। सुबह-शाम उसके लिए खाना और नाश्ता घरवाले फ्लैट पर ही भेज देते थे। इस लिए वह नाराज रहता था।
नर्सिंग अधीक्षक को अधमरा कर नदी में फेंका
वहीं एक अन्य मामले में रहस्यमय हालात में चार दिन पहले लापता हुए किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग उनके दोस्त सचिन को शराब पार्टी में विवाद के कुछ परिचितों ने अधमरा कर डाला। इसके बाद दोनों को सीतापुर-बहराइच बार्डर पर चलहारी घाट पर घाघरा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने वारदात में शामिल कुछ संदिग्धों को सीसी फुटेज के आधार पर हिरासत में ले लिया। संदिग्धों से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद गोताखोरों की मदद से पवन गर्ग और उनके साथी की तलाश कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान हुई
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक फुटेज के आधार पर ड्राइविंग सीट पर पवन बैठे थे, जबकि बगल में एक अन्य व्यक्ति था। कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान सचिन के रूप में हुई। इसके बाद कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को सीतापुर जनपद के कमलापुर जयरामपुर मार्ग पर चदेहरा बाजार पवन की कार खड़ी मिली। सूचना पर मड़ियांव पुलिस पहुंची कार कब्जे में लेकर आ गई। तफ्तीश में मड़ियांव के साथ सीतापुर पुलिस भी लगी है।

