बेटे ने पिता को ईंट से मार डाला, फर्रुखाबाद में दिल दहलाने वाला मर्डर
यूपी के फर्रुखाबाद में बेटे ने दिल दहलाने वाली वारदात कर डाली। बेटे ने अपने पिता को ईंट से मार डाला। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। भतीजे ने आरोपित चाचा के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दिल दहलाने वाला मर्डर सामने आया है। यहां बेटे ने रिश्ते का खून कर दिया। जमीन बेचने से मना करने पर पिता को ईंट से वार कर मौत के घाट उतार दिया। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। भतीजे ने आरोपित चाचा के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को रोहिला गांव निवासी 68 वर्षीय रामदास यादव की हत्या की जानकारी मिली। कोतवाली पुलिस गांव पहुंची तो पता चला कि रविवार रात रामदास को सोते समय उनके बेटे श्याम कुमार उर्फ रामू ने कुर्सी और ईंटों से वार कर मार डाला। घटना के वक्त उनका नाती सुमित मां गुड्डी देवी के साथ पत्नी पिंकी का प्रसव कराने के लिए फर्रुखाबाद गया था। रात में किसी समय रामू शराब के नशे में घर पहुंचा और वारदात कर डाली। सोमवार सुबह पड़ोसी जब भैंस को चारा डालने जा रहे थे तो रामदास के घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा। पास जाकर देखा तो सन्न रह गए। पलटी चारपाई के नीचे रामदास का शव पड़ा था। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी रामू की पत्नी ममता को दी।
रामू अपने पिता से जमीन बेचने का दबाव बना रहा था
ममता ने सुबह सात बजे के करीब सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। एएसपी ने बताया कि रामदास के बड़े बेटे ललित के बेटे सुमित की तहरीर पर आरोपित श्याम कुमार उर्फ रामू के खिलाफ हत्या संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि बाइक की किस्त जमा करने के लिए रामू अपने पिता से जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। कई बार इसका विवाद भी हो चुका है।
सहारनपुर : 50 रुपये के विवाद में बीच शहर ई-रिक्शा चालक की चाकू से गोदकर हत्या
उधर, सहारनपुर में मात्र 50 रुपये के किराये को लेकर हुआ मामूली विवाद शहर के बीचोंबीच खूनी वारदात में बदल गया। रविवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र में जोगियान पुल के पास ई-रिक्शा चालक पर उसकी सवारी ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में था। शहर के व्यस्त इलाके जोगियान पुल पर रविवार रात करीब साढ़े दस बजे किराये के विवाद में ई-रिक्शा चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र निवासी दानिश उर्फ दिलशाद पुत्र इलियास ई-रिक्शा में सवार था। ई-रिक्शा चालक साजिद उर्फ बिहारी उर्फ शाहिद पुत्र मंसूर अहमद निवासी दानिश कॉलोनी, रसूलपुर से 50 रुपये किराये को लेकर उसका विवाद हो गया।


