
यूपी में जमीन के लिए खूनी खेल; सोनभद्र में बेटे ने की पिता की हत्या, जौनपुर में महिला को पीट-पीटकर मारा
यूपी के सोनभद्र और जौनपुर, में संपत्ति और ज़मीन के लालच ने बुधवार को दो दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। सोनभद्र में बेटे ने अपने ही पिता को ही कुदाल से काट डाला। वहीं, जौनपुर में ज़मीन विवाद को लेकर हुई हिंसक मारपीट में वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
यूपी में जमीनी विवाद ने दो जिलों में खूनी रूप ले लिया। सोनभद्र और जौनपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों की हत्या हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में विवाद के चलते परिजनों और पड़ोसियों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि जानलेवा हमले हो गए। सोनभद्र में बेटे ने ही पिता को मार डाला तो वहीं जौनपुर में महिला की पीट-पीटकर पड़ोसियों ने हत्या कर दी।

सोनभद्र में बुधवार को एक 70 वर्षीय व्यक्ति की उसके बेटे द्वारा लंबे समय से चले आ रहे ज़मीन विवाद को लेकर कुदाल से हमला करने के बाद मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना पन्नूगंज इलाके के एक गांव में हुई जब आरोपी अमर नाथ ने गुस्से में अपने पिता लाल धारी यादव पर कुदाल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सर्किल ऑफिसर राज सोनकर के मुताबिक घायल व्यक्ति को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जौनपुर में जमीनी विवाद में बुजुर्ग की हत्या, चार घायल
दूसरी ओर जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुयी मारपीट में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि अधिवक्ता समेत चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में आठ लोगों को नामजद किया गया है, जिसमे से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि कछौरा गांव में सुबह करीब सात बजे केवला देवी (70) अपने घर के सामने उपली पाथ रही थी कि उसी समय पड़ोसी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में केवला देवी के सर पर गंभीर को लगने के कारण मौके पर भी मौत हो गई। बचाने के लिए दौड़े पारसनाथ यादव (70), उनकी बहू शीला देवी (50), विजय बहादुर यादव एडवोकेट (40) और कृतिका (20) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगरामऊ भेजा जहां उनके शरीर पर आई हुई चोट चिकित्सकीय परीक्षण कराया। घायल पारसनाथ यादव और शीला देवी को गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सक ने इन्हें भर्ती कर लिया है। चिकित्सक के अनुसार पारस की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना में फरार चल रहे अन्य आरोपियों के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।



