हिंदू युवक से बेटी ने की लव मैरिज, विरोध करती रही मां, खुन्नस खाए दामाद ने सास को मौत के घाट उतारा

संवाददाता, बांदा
Follow us on Google News
share

बांदा में चोरी की तहरीर देकर घर लौट रही सास को दामाद समेत तीन लोगों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ गर्दन में कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। साथ में जा रही बेटी जान बचाकर भाग खड़ी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

Son in law kills mother in law after cornering her on the road in banda

UP News: यूपी के बांदा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बिसंडा थाने में चोरी की तहरीर देकर घर लौट रही सास को दामाद समेत तीन लोगों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ गर्दन में कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। साथ में जा रही बेटी जान बचाकर भाग खड़ी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतका की बेटी ने अपने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव की रहने वाली गुलशेर ने बताया कि उसकी 45 साल मां बानो पत्नी अपनी बेटी आलिया के साथ शनिवार को चोरी का प्रार्थना पत्र देने थाने गई थी। देर शाम दोनों मां-बेटी वापस घर लौट रही थी। तभी गांव में कब्रिस्तान के पास आलिया का पति लवकुश अपने दो अन्य साथियों के साथ कुल्हाड़ी लिए घूम रहा था। इस पर उसकी मां ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई तो तीनों लोग कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल में छिप गए। पुलिस की जीप आगे निकल जाने पर तीनों लोग बाउंड्रीवाल से बाहर आ गए। कोर्रही गांव के ही जगदेव के बेटे सत्तू व छोटेलाल ने बानो को दबोच लिया। उसे जमीन पर गिरा दिया। लवकुश ने बानो के ऊपर कुल्हाड़ी से गर्दन पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। आलिया को भी मारने का प्रयास किया, लेकिन आलिया जान बचाकर मौके से भाग खड़ी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र गुलशेर ने बताया कि उसकी बहन आलिया ने पड़ोसी युवक लवकुश वर्मा से डेढ़ साल पहले लव मैरिज किया था। उसकी मां बानो लवकुश के घर आने का विरोध करती थी। इसी बात से वह खुन्नस खाए था। इसी खुन्नस के चलते उसकी मां की हत्या कर दी गई। आलिया की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी लवकुश, सत्तू, छोटेलाल, के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ सदर सौरभ सिंह ने फॉरेंसिग टीम के साथ घटना स्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि प्रेम प्रसंग में बाधा बनी महिला की हत्या की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है।

आलिया ने दूसरी जाति के युवक से की थी शादी

मृतका के बेटे गुलशेर ने बताया कि वे लोग तीन भाई गुलशेर, दिलशेर, समशेर, तीन बहनें गुले परवीन उर्फ आलिया, सरीना, रेशमा हैं। गुलशेर दिल्ली और दिलशेर सूरत में रहता है। समशेर नरैनी स्थित मदरसा में पढ़ता है। रेशमा की शादी हो चुकी है। वह अपनी ससुराल में रहती है। सरीना मां के साथ रहती है। आलिया ने पड़ोसी दूसरी जाति के हिंदु युवक लवकुश वर्मा से प्रेम विवाह कर लिया था। मां इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर लवकुश खुन्नस खाए था।

आलिया के मरने का मां के पास भेजा था वीडियो

आलिया और लवकुश वर्मा का प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने शादी कर लिया था। शादी के बाद लवकुश आलिया को लेकर हैदराबाद चला गया था। लवकुश ने आलिया को पीटा था तो वह बेहोश हो गई थी। इस पर लवकुश ने उसका मरने का वीडियो बना कर मां बानो के पास भेज दिया था। मां बानो ने बिसंडा थाना में सूचना दी थी। होश आने पर आलिया ने हैदराबाद पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हैदराबाद से भगा दिया था। पांच माह पहले दोनों लोग गांव आ गए। बिसंडा पुलिस ने आलिया को उसकी मां बानो को सुपुर्द कर दिया था। लवकुश घर आता था तो बानो इसका विरोध करती थी।

किराए के मकान में रहती थी मां बेटी

लवकुश शादी के बाद से बानो को मौत के घाट उतारने की फिराक में था। आलिया के घर पर रहने से लवकुश प्रति दिन आता था बानो विरोध करती थी। दबंगई के चलते लवकुश ने बानो को मकान में कब्जा कर लिया था। मां बेटी एक पखवारा से बबेरू में किराए के मकान में रहता थी। शनिवार को कोर्रही गांव बर्तन लेने आई थी। देखा तो घर में चोरी हो गई थी। घर में रखा फ्रिज, 35 हजार रुपये नगद समेत सोने चांदी के जेवरात गायब थे। इसकी सूचना देने थाने गई थी। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।