‘तंत्र मंत्र से हुई बेटे की सड़क हादसे में मौत’, इस अंधविश्वास में पिता ने कर डाला तांत्रिक का कत्ल
महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को तांत्रिक की मौत का खुलासा किया। इस मामले में मृतक की पत्नी बिजुला देवी की तहरीर पर कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया था। तांत्रिक की हत्या एक ऐसे शख्स ने की थी जिसके बेटे की सड़क हादसे में मौत हुई थी। वह तांत्रिक को इस घटना के लिए जिम्मेदार मानता था।

UP News : अंधविश्वास कभी-कभी इंसान की पूरी जिंदगी तबाह कर देता है। यह किसी के लिए मौत का सबब भी बन सकता है। ऐसा ही कुछ हुआ है उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में जहां एक पिता ने सड़क हादसे में बेटे की जान जाने के बाद इस शक में तांत्रिक की हत्या कर दी कि हो न हो उसके तंत्र-मंत्र की वजह से ही ऐसा हुआ होगा। तांत्रिक पर पिता के शक की वजह यह थी कि उस तांत्रिक ने जनवरी 2025 में उससे दो लाख रुपए उधार मांगे थे जो उसने दिए नहीं थे। तब तांत्रिक ने इस शख्स से कहा था कि पैसे नहीं देने का खामियाजा तुमको भुगतना पड़ेगा। इसी के कुछ दिन बाद शिवरात्रि के दिन सड़क हादसा हुआ जिसमें इस शख्स ने अपना बेटा गंवा दिया। बेटे की मौत के बाद उसने कुछ अन्य ज्योतिषियों और ओझाओं से इस बारे में बात की। वह जितना इस बारे में सोचता गया उतना ही उसका विश्वास गहरा होता चला गया कि उसके बेटे की मौत के पीछे तंत्र-मंत्र और तांत्रिक ही है। बस इसी शक में उसने खौफनाक प्लान बना डाला। पुलिस का कहना है कि बेटे की मौत का बदला लेने के लिए उसने तांत्रिक की हत्या कर दी। करीब एक साल बाद इस घटना का खुलासा हुआ है। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई है।
महराजगंज पुलिस कार्यालय के सभागार में बुधवार को एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने एएसपी सिद्धार्थ और सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम के साथ तांत्रिक की मौत का खुलासा किया। बताया कि कोतवाली क्षेत्र के पिपरा रसूलपुर निवासी रमाकान्त चौहान ओझैती और तंत्र-मंत्र का काम करते थे। आरोपित राघवेन्द्र सिंह के परिवार से उनका संपर्क था। जनवरी 2025 में रमाकान्त ने राघवेन्द्र से दो लाख रुपये उधार मांगे थे। रुपये न मिलने पर दोनों के बीच नाराजगी हो गई थी। रमाकांत ने कहा था कि पैसा नहीं देने पर तुमको खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसी बीच शिवरात्रि के दिन राघवेन्द्र के बेटे ऋषभ सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। आरोपित ने ज्योतिषियों और ओझाओं से पूछताछ की, जिसके बाद उसे विश्वास हो गया कि रमाकान्त ने तंत्र-मंत्र के जरिए उसके बेटे की जान ली है। इसी शक और बदले की भावना में उसने हत्या की योजना बनाई।
सहजनवा में हत्या के बाद बस्ती टांडा रोड पर फेंका था शव
पुलिस के मुताबिक बीते साल एक जून को राघवेन्द्र सिंह पूजा-पाठ के बहाने रमाकान्त को अपनी कार से लेकर गया। रास्ते में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाने के बाद सहजनवां के पास बरईपार पाली गांव के बाहर सुनसान स्थान पर लोहे की पाइप से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को बस्ती जनपद में टांडा जाने वाली रोड पर खडौवाजाट गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
गोरखपुर का रहने वाला है हत्यारोपी राघवेंद्र
इस मामले में मृतक की पत्नी बिजुला देवी की तहरीर पर कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान कार्यवाहक कोतवाल और प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार और उपनिरीक्षक अंजनी कुमार यादव की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। हत्यारोपी राघवेंद्र सिंह पुत्र रामजी सिंह उर्फ जेलर गोरखपुर जिले के केशवपुर वार्ड नंबर 16 पिक्चर हाल गली सहजनवा का रहने वाला है। हत्या का केस दर्ज करने के बाद वह दिल्ली में जाकर प्राइवेट नौकरी करने लगा। इसी बीच वह दिल्ली से घर आया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस उसे दबोच ली। हत्यारोपी राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह, एसआई अंजनी कुमार यादव, हेड कांस्टेबल करुणेश सिंह, कांस्टेबल अमित वर्मा, अंकित यादव शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

