कार चलाना सीख रहे बेटे ने गलती से मां को कुचला, मौके पर ही महिला की मौत
बाराबंकी के बहुता गांव में कार चलाना सीख रहे बेटे द्वारा गलती से मां को कुचल देने की दर्दनाक घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार शोक में डूब गया।

यूपी के बाराबंकी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के बहुता गांव में कार चलाना सीख रहे बेटे ने गलती से अपनी मां को कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन शोक में डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
थाना क्षेत्र के बहुता गांव में रविवार दोपहर बहुता गांव निवासी राकेश कुमार तिवारी के घर उनके दामाद कार लेकर आए थे। रविवार दोपहर कार घर के बाहर खड़ी थी। राकेश कुमार तिवारी (60) घर के बाहर ही कुर्सी पर बैठी धूप सेंक रही थीं। इसी समय दरवाजे पर मौजूद 22 साल का सूरज ने बहनोई से कार ड्राइविंग सीखने की जिद की। इस पर उन्होंने कार की चाबी सूरज को दे दी।
सूरज ने कार स्टार्ट की और उसे आगे बढ़ाने के लिए जैसे ही एक्सीलेटर दबाया तेज रफ्तार कार मीनू से टकरा गई। जिसके नीचे वह दब गई। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। लोगों ने घायल मीनू तिवारी को आनन-फानन सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतका के घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिये बिना ही शव लेकर घर चले गए। कोतवाली के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक शैलेश यादव ने बताया इस संबंध में कोई सूचना नहीं है। हलका दरोगा को गांव भेज कर मामले की जानकारी की जाएगी।
बहराइच में दो ट्रकों की भिड़त
उधर, बहराइच के रूपईडीहा हाईवे के भवनियापुर के पास रविवार सुबह कोहरे के दौरान दो ट्रकों में भिड़ंत के दौरान एक कार भी ट्रक से जा भिड़ी। जिसके चलते कार चालक घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। ट्रकों व कार को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल किया गया है।
नानपारा कोतवाली के रूपईडीहा बहराइच हाईवे के नानपारा टोल प्लाजा के निकट भवनियापुर के पास रविवार सुबह सात बजे घने कोहरे के चलते तेज रफ्तार दो ट्रकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ट्रक से जा भिड़ी। जिसके चलते कार चालक मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाने के जैतवारा गांव निवासी साकिर पुत्र महमूद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जबकि हाइड्रा से क्षतिग्रस्त ट्रकों व कार को हटवा कर साइड कर दिया गया है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

