जो मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता है वो आपकी क्या करेगा, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर स्वामी का विवादित बयान
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विवादित बयान दे डाला। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सका, वो आपकी क्या करेगा। स्वामी के इस बयान का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
Swami Prasad Maurya: अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चित रहने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एक बार फिर सुर्खियों में हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने भगवान राम को लेकर कुछ ऐसा बयान दे डाला कि सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। स्वामी के बयान पर साधु-संतों ने भी आपत्ति जताते हुए टिप्पणी की है। स्वामी के विवादित बयान को लेकर वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर एसआईटी की जांच जारी है। इस बीच स्वामी प्रसाद मौर्य ने विवादित बयानबाजी करके सियासी माहौल गर्म कर दिया है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, करोड़ों रुपया लुटेरे लूट ले गए। मंदिर और दरबार में भी लूटपाट हुई। चांदी और सोना भी उड़ा ले गए लेकिन वो भगवान राम उन लुटेरों को सजा नहीं दे पाया तो आप का भला क्या कर सकता है? जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता वो आप की रक्षा क्या करेगा? इस पर सवाल उठता है। स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो तरह-तरह की टिप्पणियां आनी शुरू हो गईं।
स्वामी के बयान पर साधु-संतों ने जताई नाराजगी
भगवान राम को लेकर दिए गए स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान को लेकर साधु-संतों ने भी नाराजगी जताई। महामंडलेश्वर विष्णुदास ने कहा, मौर्य सनातन के दुश्मन हैं। उनकी जीभ काटकर लाने वाले को पांच लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा अयोध्या में राम मंदिर है, इस मंदिर से राम भक्तों की विशेष आस्था है, लेकिन स्वामी मौर्य राम भक्त नहीं हैं। वे संस्कृति और सनातन दोनों के दुश्मन हैं।
सनातन को लेकर पहले भी तीखी बयानबाजी कर चुके हैं स्वामी
हिंदुओं को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा दिया जाने वाला विवादित बयान कोई नहीं नहीं है। पहले भी स्वामी हिंदुओं को लेकर विवादित बयनबाजी कर चुके हैं। तीन साल पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस को लेकर टिप्पणी की थी। स्वामी ने रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों पर आपत्ति जताते हुए उन्हें दलितों, महिलाओं के खिलाफ बताया था। इस मामले में स्वामी पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।


