Hindi NewsUP NewsSold own daughter 1.5 lakh police took action on complaint maternal grandfather case filed against mother and her lover
अपनी ही बेटी को डेढ़ लाख में बेचा, नाना की शिकायत पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, मां और प्रेमी पर मुकदमा

अपनी ही बेटी को डेढ़ लाख में बेचा, नाना की शिकायत पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, मां और प्रेमी पर मुकदमा

संक्षेप:

सुल्तानपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी नाबालिग नातिन को बेच दिया। पुलिस ने शिकायत के बाद नाबालिग को मुक्त कराया और मां और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया।

Dec 06, 2025 10:34 pm ISTDinesh Rathour खैर (अलीगढ़)
share Share
Follow Us on

यूपी के अलीगढ़ जिले के खैर थाना क्षेत्र में मां द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग बेटी को डेढ़ लाख रुपये बेचने के आरोप के बाद शनिवार को मथुरा व अलीगढ़ पुलिस हरकत में आ गई। खैर के गांव खेड़ा सत्तू में पहुंचकर पुलिस ने किशोरी को मुक्त कराया। इसके बाद थाने में कई घंटे तक दोनों पक्षों में बातचीत व गहमा-गहमी होती रहीं। रात में मथुरा के नौहझील थाले में आरोपी मां व उसके प्रेमी के खिलाफ बाल विवाह कराने का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद देररात खैर पुलिस ने किशोरी को मथुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सुल्तानपुर जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी महंत के अनुसार करीब 12 साल पहले उनकी बेटी भट्ठे पर काम करने वाले मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र के छिन पारई निवासी धर्मेंद्र के साथ भाग गई थी। करीब एक माह पहले बेटी घर आई और गर्भावस्था का हवाला देकर 14 साल की बेटी को साथ ले गई। नाना ने आरोप लगाया कि बेटी ने धर्मेंद्र के साथ मिलकर धेवती को डेढ़ लाख रुपये में खैर क्षेत्र के गांव खेड़ा सत्तू निवासी अमित पुत्र विशंभर को बेच दिया। एक दिसंबर को किशोरी ने नाना को फोन करके पूरी बात बताई। गुरुवार को नाना किशोरी के पास आए और अमित के घर पर रुके।

शनिवार को उन्होंने पहले खैर, फिर मथुरा के नौहझील थाने में शिकायत की। आपके समाचार पत्र हिन्दुस्तान ने नाबालिग के साथ हुए अन्याय को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद शनिवार सुबह से ही पुलिस सक्रिय हो गई। नौहझील थाने के एसआई अमन खुद गाड़ी से किशोरी के नाना को लेकर खैर पहुंचे। इधर, खैर थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर पुलिस बल के साथ उनके साथ थी। पुलिस किशोरी को बरामद करके खैर थाने लाई।

परिवार ने खरीद-फरोख्त के आरोपों को नकारा

अमित, उसके परिजनों ने खरीद-फरोख्त के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने लड़की के साथ रीति-रिवाज से शादी की है, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन मौजूद थे। शादी में करीब तीन लाख का खर्च आया था। चार दिसंबर को लड़की के नाना गांव आए और एक दिन-रात रुके। अमित ने शनिवार सुबह उन्हें छींपारी भट्टे तक बाइक से छोड़ा भी था। इसी बीच लड़की ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर कॉल करके पुलिस से सहायता मांगी। कहा कि वह नाबालिग है और उसकी मां ने उसे डेढ़ लाख रुपये में शादी के नाम पर बेच दिया है।

नाना ने दर्ज कराया मुकदमा

देर शाम किशोरी के नाना ने खैर थाने में बैठकर तहरीर लिखी। इसमें कहा है कि करीब दो माह पहले उनकी 14 साल की धेवती का बाल विवाह उनकी बेटी व धर्मेंद्र ने गांव खेड़ा सत्तू निवासी अमित के साथ कर दिया था, जो कानूनन गलत है। इस पर नौहझील थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

रात तक थाने में जुटे रहे ग्रामीण

नाबालिग की शादी कराने के बावजूद पुलिस को किशोरी को मुक्त कराने के लिए दिनभर मशक्कत करनी पड़ी। पहले गांव में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उनका कहना था कि शादी पूरी परंपरा से हुई थी। खरीद-फरोख्त जैसी कोई बात नहीं है। ग्रामीणों ने शादी के फोटो भी कोतवाली में दिखाए। इसमें किशोरी व लड़के स्टेज पर बैठे और दोनों वर-वधु की माला भी पहने हुए हैं। हालांकि देर शाम सत्यापन के बाद खैर पुलिस ने किशोरी को मथुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

नाना व मां पक्ष की आपस में नोकझोंक

थाने में किशोरी के नाना के अलावा आरोपी मां, बहन, बहनोई व अन्य लोग भी आ गए। मां का कहना था कि बेटी उनके पास भी रही है। नाना की सहमति के बाद ही उन्होंने शादी की है। लेकिन, नाना ने इससे इन्कार किया। यहां तक कहा कि अगर उन्हें जानकारी होती तो वह शादी करने को राजी हो जाते।

पांच नवंबर को राया में कराया था बाल विवाह

किशोरी का बाल विवाह पांच नवंबर को राया क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में कराया गया। उसने बातचीत में बताया कि उस समय उसे कोई जानकारी नहीं थी कि उसके साथ क्या हो रहा है? लेकिन, जब यहां खैर में आकर रहने लगी तो लड़के की मां अक्सर कहती थी कि उसे डेढ़ लाख रुपये में खरीदकर लाए हैं। इसके बाद उसने अपने नाना को ये बात बताई। थाने में पुलिस के सामने भी किशोरी अपने नाना के साथ जाने पर अड़ी थी।

मथुरा में होंगे किशोरी के बयान

रात में नौहझील थाने के एसआई अमन किशोरी को अपनी सुपुर्दगी में साथ ले गए। अब वहां किशोरी के कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। इसके बाद किशोरी जहां जाना चाहती है, उसके सुपुर्द किया जाएगा। सीओ खैर वरुण कुमार सिंह ने बताया, मथुरा में रह रही एक महिला व उसके पति द्वारा नाबालिग बेटी का खैर क्षेत्र में बाल विवाह करने का मामला सामने आया था। किशोरी को मुक्त कराते हुए मथुरा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। मथुरा के नौहझील थाने में ही बाल विवाह का मुकदमा दर्ज किया गया है। अग्रिम कार्रवाई मथुरा पुलिस की ओर से ही जाएगी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |