जिस सांप से पति को डसवाकर मार डाला; उसी ने दामिनी और प्रेमी को पकड़वाया, ऐसे हुआ खुलासा
मेरठ में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जहरीले सांप से डसवाकर हत्या करा दी। आरोप है कि पहले दूध में नींद की गोलियां दी गईं, फिर सर्पदंश से मौत दिखाने की कोशिश की गई। जांच में कॉल डिटेल और मोबाइल में सांप की फोटो मिलने पर पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर साजिश का खुलासा किया।

मेरठ में ड्राइवर के इश्क में पत्नी ने पति की सांप से कटवाकर हत्या कर दी। घटना हस्तिनापुर में अंजाम दी गई। लेकिन जिस सांप से पति अतुल को डसवाकर मारा गया। वहीं सांप पत्नी दामिनी और प्रेमी तुषार की गिरफ्तारी की वजह बना। बहसूमा के भंडोरा गांव निवासी अतुल (32 ), पत्नी दामिनी और छह साल के बेटे मानिक के साथ हस्तिनापुर की जे ब्लॉक कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। कॉलोनी के पास ही दंपति ने कृष्णा किड्स स्कूल संचालित किया हुआ था। दामिनी ने प्रेमी स्कूल ड्राइवर तुषार के इश्क में पति अतुल को दूध में 10 नींद की गोलियां खिलाई और जहरीले सांप से डसवा कर हत्या कर दी। घटना को सर्पदंश से मौत दिखाने की कोशिश की गई।
ऐसे पकड़े गए दामिनी और तुषार
सांप घर के अंदर कैसे घुसा और अंदर कमरे में अतुल के बेड तक कैसे पहुंचा, ये बात पुलिस को खटक रही थी। पुलिस ने दामिनी के कॉल डिटेल की जांच की तो तुषार से लगातार बातचीत और मैसेज का खुलासा हुआ। तुषार को हिरासत में लेकर मोबाइल जांच में उसके मोबाइल से इसी सांप का डिब्बे में बंद फोटो पुलिस को मिला। जिस नंबर से तुषार को सांप को फोटो आया था, उस मोबाइल धारक सोनू को उठाकर पूछताछ की गई। सपेरे सोनू ने कबूल किया कि उदय के साथ मिलकर सांप पकड़कर तुषार को दिया था। जिसके बाद दोनों को पुलिस ने दबोच लिया।
सांप कांड दामिनी को आसान लगा
खुलासा इस बात का भी हुआ है कि दामिनी पिछले करीब एक साल से देशभर में पतियों की हत्या की घटनाओं पर नजर रख रही थी। इंटरनेट पर परफेक्ट क्राइम को लेकर जानकारी कर रही थी। साथ ही ये भी देख रही थी पुराने केस में किन तरीकों से पुलिस ने आरोपियों पकड़ा था। ऐसे में मेरठ का सांप कांड दामिनी को दोबारा से अंजाम देना आसान लगा। हालांकि इस बार दामिनी और तुषार ने पुराने केस की गलती नहीं दोहराई।
2019 में दामिनी ने अतुल से लव मैरिज की थी
दामिनी ने अतुल से वर्ष 2019 में लव मैरिज की थी और दोनों कुछ समय तक खुशी से रहे। दामिनी ने खुलासा किया कि शादी के दो साल बाद अतुल मारपीट करने लगा और यातनाएं देने लगा। अतुल की इन हरकतों से परेशान हो गई थी। करीब एक साल पहले तुषार से प्यार हो गया। इसके बाद से अतुल को रास्ते से हटाने के लिए तरीके देखने लगे थे। दामिनी ने देशभर में पतियों की हत्या के चर्चित तमाम मामलों को गौर से इंटरनेट पर पढ़ना शुरू कर दिया। इस तरह की हर घटना पर नजर रखती थी और अखबार में भी पढ़ती थी।
पतियों की हत्या वाले मामलों पर रहती थी नजर
मेरठ के नीला ड्रम केस यानी सौरभ हत्याकांड में जिस तरह से साहिल और मुस्कान ने अंजाम दिया, उसे शुरू से लेकर आखिरी तक देखा था। वहीं बहसूमा के सांप कांड, इंदौर के राजा रघुवंशी को किस तरह से पत्नी सोनम राजवंशी ने मेघालय ले जाकर हत्या कराई, ये भी पूरा केस देखा। पुणे में जिस तरह से केतन की उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर किले से नीचे धकेलकर हत्या करने की भी जानकारी थी।
पिछले केस की गलतियां नहीं दोहराई
सांप कांड में अमित को पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप ने गला दबाकर मार दिया था। इसके बाद सर्पदंश से मौत दिखाने को एक रेट स्नैक लाश पर छोड़ दिया था। हालांकि, जांच में पता चला कि इस सांप के काटने से मौत नहीं हो सकती, चूंकि यह जहरीला नहीं होता। दूसरी ओर, अमित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने यानी गला दबाने से मौत का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार किया था। ऐसे में दामिनी ने इस एंगल पर खुद को बचाने की प्लानिंग की थी। अतुल को नींद की गोलियां दी और सबसे जहरीला सांप मंगवाया था। जब अतुल सोया था तो उसके कपड़ों में करैत सांप को छोड़ दिया। दामिनी और तुषार मान रहे थे कि ऐसा करके पकड़े नहीं जाएंगे।


