वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान में धुएं का अलार्म बजा, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान में धुएं का अलार्म बजने से हड़कंप मच गया। लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।  विमान में सवार 155 लोगों की सांसें अटक गईं।

Air India
वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान में धुएं का अलार्म बजने से हड़कंप मच गया। लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1253) की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन का अलार्म बजने लगा। इसके बाद पायलट ने तत्काल लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक विमान ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद कार्गो में धुएं का अलार्म बजने की सूचना मिली। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियातन विमान को लखनऊ डायवर्ट किया। सुबह करीब 8:52 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। विमान की गहन जांच के साथ ही यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं या आग का कोई स्पष्ट संकेत नहीं

बताया जा रहा है कि करीब 155 यात्री और क्रू सदस्य विमान से उतारे गए। जांच के बाद विमान को एयरपोर्ट के टैक्सी-वे पर पार्क कर दिया गया। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं या आग का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। ऐसे में कार्गो में स्मोक अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है।

24 को मुंबई की उड़ान को लखनऊ डायवर्ट किया गया था

इससे पहले 24 अगस्त को दिल्ली में अचानक मौसम खराब होने के चलते मुंबई से पहुंची अकासा एयर की उड़ान की लैंडिंग नहीं हो सकी। विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट के ऊपर कई चक्कर लगाए, लेकिन कम दृश्यता के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। अकासा एयर का विमान क्यूपी-1834 सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मुंबई से उड़ान भरकर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दिल्ली पहुंचा था। दिल्ली में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पायलट को लैंडिंग में परेशानी हुई। विमान ने कुछ देर तक दिल्ली एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाए। स्थिति में सुधार नहीं होने पर विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। बताया जा रहा है कि विमान बोइंग 737 मैक्स-8 (VT-YAE) था। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने का अनुमानित समय दोपहर करीब 1:27 बजे था। मौसम में सुधार होने के बाद विमान को दोबारा दिल्ली के लिए रवाना किए जाने की जानकारी सामने आई है।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsदिल्ली जा रहे विमान में धुएं का अलार्म बजा, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग