स्मार्ट प्रीपेड मीटर बना बवाल, तेज हुआ विरोध, लखनऊ में ही 8000 से ज्यादा लोगों की बिजली गुल

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का भारी विरोध शुरू हो गया है। राजधानी लखनऊ में उग्र भीड़ ने मीटर लगाने वाली टीमों को खदेड़ दिया, जबकि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मध्यांचल विद्युत निगम मुख्यालय का घेराव किया।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर बना बवाल, तेज हुआ विरोध, लखनऊ में ही 8000 से ज्यादा लोगों की बिजली गुल

Lucknow News: स्मार्ट प्रीपेड मीटर बवाल का कारण बन गया है। राजधानी लखनऊ में स्मार्ट प्रीपेड मीटर हटाने की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह से शाम तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में विरोध की आग भड़क उठी। कहीं सियासी दल ने हल्ला बोला, तो कहीं जनता ने मीटर लगाने आई टीमों को खदेड़ दिया। पावर कॉरपोरेशन ने बुधवार को 8380 स्मार्ट प्रीपेड कनेक्शन (बैलेंस माइनस होने के कारण) काट दिए। इसमें लखनऊ सेंट्रल 2039, जानकीपुरम 1571, गोमतीनगर 1503 और अमौसी जोन में 3267 उपभोक्ता शामिल हैं।

उपकेंद्रों पर पहुंचे लोगों का कहना है कि पुराने की तुलना में स्मार्ट प्रीपेड मीटर में खर्च बहुत ज्यादा दिख रहा है। पहले महीने में एक बार बिल जमा करते थे, लेकिन अब प्रीपेड सिस्टम के कारण महीने में चार से पांच बार रिचार्ज करना पड़ रहा है, जिससे बजट बिगड़ गया है। बिना किसी सूचना के अचानक बिजली कट जाना और सर्वर डाउन होने पर रिचार्ज न हो पाना लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।

Voice of UP

एक तरफ सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय का घेराव कर सरकार व निजी कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं चिनहट के लौलाई उपकेंद्र में बिजली शिविर के दौरान लोगों ने हंगामा किया। ठाकुरगंज के मिश्री की बगिया और तीन बंदर गली में भीड़ ने मीटर लगाने वाली टीम को खदेड़ दिया। नूरबाड़ी उपकेंद्र के वजीरबाग में भी हंगामा हुआ। शाम को रेजीडेंसी व इंदिरानगर में प्रदर्शन किया।

लौलाई उपकेंद्र में शिविर के दौरान हंगामा

चिनहट स्थित लौलाई उपकेंद्र पिछले चार दिनों से हंगामे का केंद्र बना हुआ है। बुधवार को यहां बिजली शिविर का आयोजन था, जिसमें उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण होना था। हालांकि, जब अफसरों ने स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया, तो लोग भड़क गए। उधर, इटौंजा के कुम्हरावां उपकेंद्र में दोपहर 02 बजे से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से रात नौ बजे तक बत्ती गुल रही। इससे लोगों में नाराजगी रही।

ठाकुरगंज व वजीरबाग में मीटर लगाने वाली टीम को खदेड़ा

ठाकुरगंज के मिश्री की बगिया और तीन बंदर गली में जब लेसा की टीम स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची, तो स्थानीय निवासियों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। कई स्थानों पर महिलाओं ने मोर्चा संभाला और मीटर लगाने आई टीम के साथ उनकी जबरदस्त बहस हुई। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए मीटर लगाने आई टीम को अपने उपकरण समेटकर वहां से भागना पड़ा। नूरबाड़ी उपकेंद्र के वजीरबाग में भी देखने को मिली, जहां काम शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया।

मध्यांचल मुख्यालय पर सपा ने किया प्रदर्शन

बुधवार सुबह गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत निगम मुख्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मीटरों की तेज रफ्तार और अत्यधिक बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा प्रबंधन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग सामान्य से दोगुनी रफ्तार से भाग रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और निगम के सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

रेजीडेंसी व इंदिरानगर में महिलाओं ने किया घेराव

रेजीडेंसी और इंदिरानगर सेक्टर-14 न्यू उपकेंद्र पर बुधवार शाम को महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। बवाल बढ़ने पर कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे उग्र महिलाओं ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराया। हालांकि इस दौरान कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।