बैलेंस नहीं होने से बत्ती गुल, सर्वर डाउन से रिचार्ज मुश्किल,हजारों स्मार्ट बिजली मीटर ग्राहक परेशान
स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। सर्वर डाउन होने के कारण हजारों उपभोक्ता न तो अपना बैलेंस चेक कर पा रहे हैं और न ही मीटर रिचार्ज कर पा रहे हैं। आलम यह है कि पैसे जमा होने के बावजूद घंटों तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है।

स्मार्ट मीटरिंग शुरू होने के बाद से प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटर के उपभोक्ता परेशान हैं। बैलेंस नहीं होने से बिजली कट जा रही है। रिचार्ज कराने के बाद भी घंटों बाद बिजली नहीं आने की शिकायतें तो आम थीं। अब रिचार्ज ही नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है। मेरठ में कई इलाकों में सोमवार को स्मार्ट प्रीपेड मीटर के हजारों उपभोक्ताओं की बिजली कट गई। हालात यह हो गए कि लोगों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड नहीं हो पा रहा था। सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ता बिजली का बिल नहीं देख पा रहे थे। जिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा कर दिया, उनके कनेक्शन की कटी बिजली भी चालू नहीं हो पा रही थी। समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने हंगामा किया।
माधवपुरम इलाके में सोमवार दोपहर से शाम तक करीब 500 से 700 लोगों की बिजली कट गई। पूर्व पार्षद तरुण गोयल ने बताया कि अफसर फोन नहीं उठा रहे। सरदार गुरमिंदर सिंह समेत कई इलाकों के लोगों ने बताया कि कहीं 14 मार्च से तो कहीं 16 मार्च से बिजली कटी होने के कारण परेशान हैं। कुलविंदर सिंह, सौरभ सिंह, रोहित शर्मा समेत काफी उपभोक्ताओं ने एक्स पोस्ट के जरिए अपनी समस्या को लखनऊ तक पहुंचाया।
वहीं सोमवार को भी शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रही। पल्लवपुरम समेत कई इलाकों में शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कराए गए। पल्लवपुरम के एन पाकेट, एनएच पाकेट, उदय विहार, राम कुंज इलाकों में करीब पांच घंटे से अधिक बिजली नहीं रही।
गंगानगर क्षेत्र में एक के बाद एक कई घरों के बिजली कनेक्शन कट गए। जिससे गुस्साए लोग मुख्य बिजलीघर पर हंगामा कर दिया। बताया कि एडवांस में बिल जमा के होने के बाद भी कनेक्शन काट दिया गया। समस्या का समाधान नहीं होने पर कुछ लोग ऊर्जा भवन पर शिकायत करने के लिए भी पहुंचे। लोगों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि जो होगा लखनऊ से होगा हमारे हाथ में कुछ नहीं है।
नटेशपुरम सहित अन्य कालोनी के उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। जिसके बाद लोग कंकरखेड़ा थाने पहुंचे। यहां से सरधना रोड स्थित बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे और हंगामा किया। कोई विभागीय अधिकारी के नहीं पहुंचने पर लोगों में सरधना रोड पर जाम लगा दिया। इंस्पेक्टर विनय कुमार लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें समझाया। लोगों का कहना था कि बिल जमा कर दिए गए हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। मौके पर देवेंद्र त्यागी, सुनील, गौरव, आशू, ममता देवी, सपना शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


