मुंह खोलकर सोना हो सकता है इस बड़ी दिक्कत का संकेत, BHU में इतने दिन में आए 312 केस
बीएचयू के ENT विभाग के प्रो. विश्वंभर सिंह ने कहा कि एडिनॉइड ग्रंथि नाक के पीछे स्थित होती है। यह संक्रमण से लड़ने में मदद करती है। तीन से 10 साल की उम्र के बच्चों में इसके अधिक बढ़ने से कान और गले को जोड़ने वाली यूस्टेशियन ट्यूब बंद हो जाती है, जिससे कान में तरल पदार्थ जमा होने लगता है।

UP News: बच्चों का मुंह खोलकर सोना, खर्राटे लेना, नाक से आवाज आना और कान में बार-बार दर्द उठना एडिनॉइड ग्रंथि के बढ़ने का संकेत हो सकता है। इस ग्रंथि के बढ़ने के कारण सुनने की क्षमता प्रभावित हो रही है। बीएचयू के ईएनटी विभाग में पिछले एक साल यानि 365 दिनों में इसके 312 मामले आए हैं। इसमें 50 फीसदी की सुनने की क्षमता प्रभावित हुई है। इसके साथ ही कई लोगों को बार-बार सर्दी-जुकाम, नाक बंद रहना और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हुई। विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि समय से इलाज से बच्चों को बहरेपन से बचाया जा सकता है।
बीएचयू के ईएनटी विभाग के प्रो. विश्वंभर सिंह ने कहा कि एडिनॉइड ग्रंथि नाक के पीछे स्थित होती है। यह संक्रमण से लड़ने में मदद करती है। तीन से दस वर्ष की उम्र के बच्चों में इसके अधिक बढ़ने से कान और गले को जोड़ने वाली यूस्टेशियन ट्यूब बंद हो जाती है, जिससे कान में तरल पदार्थ जमा होने लगता है। इसके कारण सुनने में समस्या, सांस लेने में दिक्कत होती है। इसके साथ ही सोते समय खर्राटा लेते हैं। सांस की समस्या होने पर अक्सर अभिभावक बच्चों को बाल रोग विशेषज्ञ के पास ले जाते हैं। वहां पर डॉक्टर सांस की समस्या समझकर इलाज किया जाता है, लेकिन बच्चे को दिक्कत एडिनॉइलड ग्रंथि बढ़ने की होती है। इसमें लापरवाही से बच्चों में बहरेपन की समस्या होने लगी है।
कमजोर इम्यून-एलर्जी है कारण
प्रो. विश्वंभर सिंह ने कहा कि बच्चों में एडिनॉइड ग्रंथि बढ़ने के कई कारण होते हैं। कमजोर इम्यून सिस्टम होना इसका एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा एलर्जी, प्रदूषण, बार-बार सर्दी जुकाम सहित अन्य कारणों से भी यह ग्रंथि बढ़ जाती है। इसके लक्षण दिखें तो तत्काल इलाज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे बचाव के लिए साफ-सफाई, जिस भी चीज से एलर्जी हो रही है, उससे बचाएं। एलर्जी होने पर मास्क जरूर लगाएं।
एडिनॉइड ग्रंथि बढ़ने के लक्षण
-मुंह खोलकर सांस लेना।
-खर्राटे लेना।
-नाक से आवाज आना।
-बार-बार कान में दर्द होना।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

