लौकी की सब्जी में गिरी छिपकली, पांच बच्चों समेत छह लोगों की हालत बिगड़ी, फूड प्वाइजनिंग से मचा हड़कंप
बिजनौर में लौकी की सब्जी में छिपकली गिरने के बाद परिजनों ने अनजाने में इसे खा लिया। इसके बाद महिला एवं उसके पांच बच्चों की हालत बिगड़ गई। अचानक सभी को उल्टी, चक्कर, फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखने पर परिवार में हड़कंप मच गया।

यूपी के बिजनौर से फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। जहां लौकी की सब्जी में छिपकली गिरने के बाद परिजनों ने अनजाने में इसे खा लिया। इसके बाद महिला एवं उसके पांच बच्चों की हालत बिगड़ गई। अचानक सभी को उल्टी, चक्कर, फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखने पर परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को सीएचसी में भर्ती कराया।
रविवार दोपहर ग्राम दुगरी के रहने वाले जाहिद की पत्नी आजमी ने भोजन में लौकी की सब्जी बनाई थी। सब्जी बनाते समय या बाद में अचानक इसमें छिपकली गिर गई। परिजनों को इसका पता नहीं लगा और पांचों बच्चों व महिला ने सब्जी को खा लिया। खाना खाने के कुछ समय बाद उन्हें उल्टी, चक्कर, फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। परिवार के अनुसार बर्तन धोने के दौरान उसमें छिपकली के अवशेष भी दिखाई दिए।
तबीयत खराब होने के बाद आजमी, उसका पुत्र अब्दुल रहमान, फ़ाहिद , बेटी अनेजा, जुनेजा और मेहमान अली को उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद सभी को निगरानी में रखा और हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशीष आर्य ने बताया कि विषैली सब्जी खाने से फूड प्वाइजनिंग हो गई थी।
छिपकली की त्वचा पर होता है साल्मोनेला बैक्टीरिया
छिपकली खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, क्योंकि छिपकलियों की त्वचा पर साल्मोनेला जैसे हानिकारक बैक्टीरिया पाए जाते हैं। ये बैक्टीरिया खाने को दूषित कर देते है। जिससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द जैसी समस्या होती है। घरों में पाई जाने वाली छिपकली सामान्य तौर पर विषैली नहीं होती है।
इटावा में भी सब्जी में मिली छिपकली
इससे पहले इटावा से ही ऐसा मामला सामने आया था। जहां एक घर में परिवार के लोग जब साथ बैठकर खाना खा रहे थे तभी एक सदस्य की कटोरी में छिपकली नजर आयी। सब्जी में छिपकली को देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। सभी लोगों ने खाना बीच में छोड़ दिया और आनन फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टर द्वारा सभी का इलाज किया गया। हालांकि सभी की स्थिति सामान्य थी और किसी को कोई खास परेशानी भी नहीं हुई थी।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

