यमुना में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, 2 बचाए गए; 1 की तलाश जारी

संवाददाता, आगरा
Follow us on Google News
share

गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी डूबने लगे, जिसके बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत बचाव का काम शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पीएसी की रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया है।

यमुना में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, 2 बचाए गए; 1 की तलाश जारी

UP News : उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। यहां छह बच्चे डूब गए हैं। पुलिस और पीएसी की टीम ने पांच बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। काजल और अंशू का इलाज जारी है, जबकि एक बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है।

कमला नगर क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी डूबने लगे, जिसके बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय तैराकों की मदद से पांच बच्चों को यमुना से बाहर निकाल लिया गया। सभी को गंभीर हालत में तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। जबकि काजल और अंशू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं, एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोर लगातार नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के घाटों और किनारों पर भी तलाश तेज कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे नदी किनारे नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में फंस गए। मदद के लिए चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पुलिस और पीएसी की टीम लगातार मौजूद है। लापता बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में बच्चे और युवक यमुना किनारे नहाने पहुंचते हैं, लेकिन कई घाटों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न लग पाने से अक्सर हादसे हो जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।