Sitapur News: चोरों को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर दो घंटे पीटा
Sitapur News: सीतापुर में मानपुर के सधुवापुर में ग्रामीणों ने चोरी कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर पीटा। आरोपियों ने चोरी की बात कबूल की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों को बंधनमुक्त करा कर गिरफ्तार कर लिया।

Sitapur News: सीतापुर, संवाददाता। सीतापुर में मानपुर के सधुवापुर में ग्रामीणों ने मंगलवार रात चोरी कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को पेड़ से रस्सी से बांधकर जमकर पीटा। इस दौरान दोनों चोर छोड़ देने की मिन्नतें करते रहे। ग्रामीणों ने उन्हें करीब दो घंटे तक रस्सी से बांधकर रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को बंधनमुक्त कराकर गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ दिन से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर पीटे जाने का वीडियो भी वायरल हो गया। हालांकि हिन्दुस्तान अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मानपुर के सधुवापुर निवासी राजेश कुमार भार्गव सधुवापुर स्थित पानी की टंकी पर पंप ऑपरेटर हैं। राजेश कुमार के मुताबिक मंगलवार रात वह ड्यूटी पर थे। इस बीच उन्हें कुछ आहट हुई। देखा तो दो चोर सोलर पैनल का तार तार काट रहे थे। यह देख उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। शोर सनुकर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों को आता देख दोनों चोर भागने का प्रयास करने लगे। वह भागे ही थे तभी गांव के अन्य लोगों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। दोनों की पहचान कोतवाली देहात के अमीननगर निवासी नीरज गौतम व सहसपुर निवासी अंकित मिश्रा के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीण पीटते हुए दोनों को गांव ले आए और पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया। चोरों के रंगे हाथ पकड़े जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पेड़ से रस्सी के सहारे बांधने के बाद ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि जुलाई में भी चोरों ने सात सबमर्सिबल का तार चोरी कर लिया था। लेकिन इसमें से अभी तक एक भी घटना का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे चोरों के हौंससले बुलंद हैं। इस बीच दो चोरों के पेड़ से रस्सी से बांधे जाने की सूचना पर मौके पर मानपुर पुलिस मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी मानपुर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों को ग्रामीणों से छुड़ा लिया गया है। पंप ऑपरेटर राजेश कुमार भार्गव की तहरीर पर आरोपी नीरज गौतम और अंकित मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से तार काटने का कटर व चोरी किया हुआ तार बरामद हुआ है。
एक दिन पहले भी की थी चोरी
ग्रामीणों के मुताबिक पानी के टंकी पर लगे सोलर पैनल का कुछ तार एक दिन पहले भी चोरी हो गया था। पूछताछ में आरेापी नीरज और अंकित ने एक दिन पहले भी तार चोरी करने की बात कबूल की। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सोमवार को भी सोलर पैनल में लगा तार काटकर चोरी कर लिया था। मंगलवार को दोबारा बचा हुआ तार चोरी करने आए थे तो पकड़ लिए गए। पेड़ से बांधकर पीटे जाने पर दोनों आरोपी दोबारा चोरी न करने और छोड़ देने की मिन्नतें करते रहे। इसपर लोगों ने जो किया है उसकी सजा भुगतने की बात कहकर पीटा। पुलिस के आने पर दोनों चोरों को उनके हवाले कर दिया।
सवाल और जवाब
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


