ट्रैक्टर की टक्कर से दिव्यांग की मौत, बेटा घायल
Sitapur News - अकबरपुर के लहरपुर इलाके में एक दिव्यांग युवक को उसके बेटे के लिए समोसा खरीदने जाते समय ट्रैक्टर चालक ने कुचल दिया। हादसे में दिव्यांग की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
अकबरपुर, संवाददाता। लहरपुर इलाके में बेटे को समोसा दिलाने निकले आंखों से दिव्यांग युवक को ट्रैक्टर चालक ने कुचल कर मार डाला। हादसे में दिव्यांग के बेटे को भी चोट आई है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है। लहरपुर क्षेत्र के अकबरपुर निवासी 35 वर्षीय राजकुमार आंखों से पूरी तरह दिव्यांग था और वह पिता की मदद से कारखाना चलाता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार की दोपहर को राजकुमार के आठ वर्षीय बेटे शेखर ने समोसा खाने के लिए कहा। इसपर दिव्यांग राजकुमार बेटे को साथ लेकर उसी के सहारे गांव के ही चौराहे पर समोसा लेने पहुंचा।
बेटे को समोसा दिलाकर वह उसी के साथ घर लौट रहे थे। वह चौराहे के करीब पहुंचे ही थे तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार से बचने के लिए बेटे ने पिता को साइड किया, इसी बीच पीछे से आ रहे भूंसा लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने राजकुमार को कुचल दिया। ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया। जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे में बेटा भी जख्मी हो गया। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों को जुटता देख आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। रागहीरों ने शेख को पास में ही स्थित निजी अस्पताल भेजवाया। जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जांच पड़ताल की। पूर्व विधायक सुनील वर्मा हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी लहरपुर के मुताबिक ट्रैक्टर- ट्रॉली को कब्जे में ले ली गई है। गाड़ी के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




