Sitapur News: बारिश के बीच कच्ची दीवार भरभरा कर गिरी, किशोर घायल
Sitapur News: सीतापुर के सदरपुर में बुधवार रात बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग टिन शेड के नीचे सो रहे थे जब दीवार ढह गई। घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और ग्रामीण प्रशासन से सहायता की मांग कर रहे हैं।

Sitapur News: सीतापुर, संवाददाता। सदरपुर के तुरनी में बुधवार देर रात बारिश के बीच कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबकर एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। अगेंथुवा के तुरनी निवासी रियाज का कच्चा मकान है। बुधवार रात में टिन शेड के नीचे परिवार के लोग सो रहे थे। देर रात हुई तेज बारिश के बीच मकान की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। इस बीच वहां सो रहा रियाज का बेटा सलमान मलबे के नीचे दब गया। तेज आवाज सुन परिवार वालों की नींद खुली तो हालत देख उनके होश उड़ गए।
चीख पुकार पर आसपास के लोग भी जुट गए। परिवार वालों ने लोगों की मदद से आनन-फानन में मलबा हटाकर सलमान को पास में स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ सुरक्षित आवास उपलब्ध करवाने की मांग की है। थानाध्यक्ष सदरपुर आशुतोष मिश्र ने बताया कि सुबह जानकारी मिली है, घायल किशोर स्वस्थ है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।


