लू ने छीनी बाजारों की रौनक, गरीब तबके पर गर्मी की दोहरी मार

हिन्दुस्तान, सीतापुर
Follow us on Google News
share

सीतापुर में भीषण गर्मी के कारण तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। लोग घरों में कैद हैं और पंखे भी राहत नहीं दे रहे। दिहाड़ी मजदूरों और रिक्शा चालकों के लिए यह मौसम दोहरी मार साबित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

लू ने छीनी बाजारों की रौनक, गरीब तबके पर गर्मी की दोहरी मार
सीतापुर, संवाददाता। पछुआ हवाओं के साथ चल रही भीषण लू और सूर्य देव के रौद्र रूप ने जनजीवन को घरों में कैद कर दिया है। पारा 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जिससे बाहर निकलने वाले लोग बेहाल हैं। स्थिति यह है कि घरों के अंदर भी राहत नहीं मिल रही है; लगातार चल रही गर्म हवाओं के कारण बिजली के पंखे भी आग उगल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, इसलिए गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

शहर के मुख्य बाजारों में दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक सन्नाटा पसार जाता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां थम सी गई हैं। सबसे बुरा हाल दिहाड़ी मजदूरों और रिक्शा चालकों का है। उनके लिए यह मौसम किसी दोहरी मार से कम नहीं है; एक तरफ जानलेवा धूप में काम करना जान जोखिम में डालने जैसा है, तो दूसरी तरफ काम न करने पर परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। प्याऊ की बेहतर व्यवस्था न होने से लोग शुद्ध पेयजल की तलाश कर रहे हैं। भीषण गर्मी का असर मनुष्यों के साथ साथ पशु पक्षियों पर भी दिखाई दे रहा है। वहीं शहर के विस्तार और सड़कों के चौड़ीकरण के नाम पर काटे गए छायादार पेड़ों की कमी अब आम जनता पर भारी पड़ रही है। शहर के मुख्य चौराहों और व्यस्त सड़कों पर पेड़ों की कुदरती छांव नहीं है। जिससे राहगीर झुलस रहे हैं। हैंडपम्प और सार्वजनिक नलों की मरम्मत न होना भी एक समस्या है। जिससे प्यासे राहगीरों को बोतलबंद पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं चढ़ती धूप ने बाजारों की भी रौनक छीन ली है।

---

गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचना जरूरी

हीट स्ट्रोक (लू) में शरीर का तापमान बढ़ जाता है। इससे तेज बुखार, बेहोशी, लाल-सूखी त्वचा और धड़कन तेज हो सकती है। ऐसी स्थित में बीमार को फौरन ठंडी जगह ले जाएं। शरीर पर ठंडा पानी डालें, पंखा चलाएं और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

------

ये हैं लू लगने के लक्षण

तेज बुखार आना, मानसिक स्थिति में बदलाव जैसे बड़बड़ाना, चिड़चिड़ापन,और बेहोशी की स्थित पैदा हो जाती है। इसके अलावा त्वचा गर्म, लाल और शुष्क हो जाना भी इसका लक्ष्ण है। इससे बचने के लिए सुबह 10 से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें। पानी, नींबू पानी या इलेक्ट्रोलाइट्स का खूब इस्तेमाल करें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।