10 मीटर चौड़ा होगा सिटी स्टेशन जाने वाला मार्ग, जाम से मिलेगी निजात
सीतापुर में पुराने शहर के निवासियों को जाम और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसमें पहले नालियों का निर्माण किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 10 मीटर तक बढ़ाई जाएगी, जिससे यातायात सुगम होगा। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है।
सीतापुर, संवाददाता। पुराने शहर के बाशिंदों को जल्द ही जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। साथ ही बारिश में होने वाले जलभराव से भी जूझना नहीं पड़ेगा, क्योंकि सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिसमें पहले नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। नालियां बनने के बाद सड़क बनाई जाएगी। जो अभी लगभग साढ़े पांच से छह मीटर चौड़ी है। जिसे 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। मार्ग के चौड़ीकरण से लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा। पक्के पुल से सिटी स्टेशन जाने वाला ये मार्ग शहर के सबसे व्यस्तम मार्गों में से एक है।
कपड़े का कारोबार होने से इस क्षेत्र में हजारों खरीददारों का आवागमन बना रहता है। वहीं स्थानीय और रेलवे स्टेशन जाने यात्री भी रोजाना गुजरते रहते हैं। साथ ही एफसीआई गोदाम जाने वाले लोडेड ट्रक और स्कूली समेत अन्य वाहन गुजरते रहते हैं। जिस वजह से इस मार्ग पर आए दिन लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने-आने, ट्रेन आने और त्योहारों के समय तो इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। वर्तमान समय में इस मार्ग पर जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। जिससे और भी मुश्किलें होती हैं। एक किलोमीटर से ज्यादा लंबे इस मार्ग पर निकलने में लोगों को अभी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क के चौड़ीकरण की मांग काफी समय से की जा रही थी। इस मामले में ज्योतेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता ने बताया कि सिटी रेलवे स्टेशन से पक्के पुल मार्ग के किनारे नालियों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। जिसके बाद सड़क निर्माण किया जाएगा। मार्ग के चौड़ीकरण से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत हो जायेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


