बेरोजगार युवाओं के दस्तावेज से बनाते थे फर्जी फर्म, 1200 बोगस फर्म बनाकर करोड़ों की जीएसटी चोरी, चार गिरफ्तार

Feb 28, 2026 04:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीतापुर
share

Sitapur News - सीतापुर में बेरोजगार युवाओं के दस्तावेजों का उपयोग कर फर्जी फर्में बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 1200 से अधिक फर्जी जीएसटी फर्में बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी की। गिरोह के पास से कई सामान बरामद किए गए हैं।

बेरोजगार युवाओं के दस्तावेज से बनाते थे फर्जी फर्म, 1200 बोगस फर्म बनाकर करोड़ों की जीएसटी चोरी, चार गिरफ्तार

सीतापुर, संवाददाता। बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर उनके शैक्षिक व पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल कर फर्जी फर्में बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 1200 से अधिक फर्जी जीएसटी फर्में बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.30 लाख रुपये नकद, तीन लैपटॉप, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 24 सिम कार्ड, 70 जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्रों की प्रतियां, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, चेकबुक, पासबुक, सोने की अंगूठियां, चेन और बिना नंबर की महिंद्रा कार सहित अन्य सामान बरामद किया है।

ऐसे हुआ खुलासा एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग जिले में युवाओं को नौकरी का झांसा देकर उनके दस्तावेज एकत्र कर रहे हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फर्जी फर्में बनाकर बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आगरा के सैंया क्षेत्र निवासी सोना उर्फ आशीष (गैंग लीडर), सम्साबाद क्षेत्र के कुलदीप सिंह, शाहगंज क्षेत्र के विवेक कुमार तथा उत्तराखंड के अल्मोड़ा (रामनगर भतरपुरी) निवासी सूरज रावत को गिरफ्तार किया। फर्जी फर्म बनाकर करते थे जीएसटी चोरी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी कार्यालय में उनका रजिस्ट्रेशन कराते थे। इसके बाद इन फर्मों के माध्यम से फर्जी खरीद-बिक्री दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाते और सरकार को चूना लगाते थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने साथियों के साथ मिलकर सीतापुर में पूजा सिंह के नाम से ‘पीएस ट्रेडर्स’ नामक फर्जी फर्म का भी रजिस्ट्रेशन कराया था और बिलिंग के जरिए भारी रकम अर्जित की। महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी पुलिस के अनुसार, सोना उर्फ आशीष इस गिरोह का सरगना है। गिरोह के सदस्य जीएसटी चोरी से हासिल रकम आपस में बांट लेते थे और उससे महंगी गाड़ियां, आभूषण, मोबाइल फोन आदि खरीदकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।