Sitapur News: इलाज से पहले घुटनों तक जलभराव पार कर सीएचसी पहुंच रहे मरीज
Sitapur News: रामपुर मथुरा, संवाददाता। अगर आप बीमार हैं और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मथुरा में

Sitapur News: रामपुर मथुरा, संवाददाता। अगर आप बीमार हैं और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मथुरा में इलाज कराने जा रहे हैं, तो पहले घुटनों तक भरे पानी को पार करना पड़ेगा। बारिश के बाद सीएचसी परिसर में इस कदर जलभराव है कि मरीजों और तीमारदारों के लिए अस्पताल तक पहुंचना चुनौती बन गया है। अस्पताल ही नहीं, आवासीय परिसर भी पानी से घिरा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अस्पताल के आसपास न कोई नदी है और न नाला, इसके बावजूद वर्षा जल की निकासी का इंतजाम नहीं होने से पूरा परिसर तालाब बन गया है।सीएचसी में रोजाना आसपास के गांवों से मरीज उपचार कराने पहुंचते हैं।
जलभराव के कारण उन्हें अस्पताल के भीतर पहुंचने के लिए पानी में उतरना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और पहले से बीमार मरीजों के लिए यह स्थिति ज्यादा परेशानी वाली है। तीमारदारों को भी मरीजों को संभालते हुए पानी पार कराना पड़ रहा है। परिसर में लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। ऐसे समय में जब स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों से बचाव के लिए साफ-सफाई, जलभराव खत्म करने और एंटी लार्वा छिड़काव पर जोर दे रहा है, सरकारी अस्पताल परिसर में ही जमा पानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अस्पताल प्रशासन भी जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण बेबस नजर आ रहा है।


