
सीतापुर-ठप कार्यों को लेकर बोर्ड बैठक में सभासदों ने काटा हंगामा
Sitapur News - महमूदाबाद नगर पालिका बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों को लेकर सभासदों ने हंगामा किया और जलपान का बहिष्कार किया। ईओ ने सभी वार्डों में समान कार्य कराने का आश्वासन दिया। कुछ सभासदों ने जीआईएस सर्वे और राज्य वित्त का हिसाब मांगते हुए अगली बैठक में जानकारी देने की बात की।
महमूदाबाद, सीतापुर। स्थानीय नगर पालिका बोर्ड की बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर सभासदों ने जमकर हंगामा काटा और जलपान का भी बहिष्कार कर दिया। हालांकि ईओ ने सभासदों को समझाते हुए सभी वार्डों में समान रूप से कार्य कराने का वादा किया। उन्होंने दिसंबर तक का आय-व्यय का ब्यौरा भी पेश किया। चेयरमैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में नूरपुर वार्ड के सभासद सिराज ने कहा कि जीआईएस सर्वे कब तक लागू होगा। इस पर गौर किया जाना चाहिए, इसके लिए जनता परेशान है। सुंदौली वार्ड के सभासद सुनील मौर्य ने कहा कि राज्य वित्त का हिसाब सभासदों के समक्ष रखा जाए।
इस मांग पर जिम्मेदारों ने जवाब दिया कि अगली बोर्ड बैठक में विवरण दिया जाएगा। सभासद आसिफ सईद ने विकास कार्यों का मुददा उठाते हुए कहा कि वार्डों में चल रहे विकास कार्यों के निर्माण से पहले कार्य योजना का बोर्ड लगाया जाए और संबंधित वार्ड सभासद को कार्य स्टीमेट दिया जाए, ताकि मानक के आधार पर काम किए जाएं। इस दौरान कुछ सभासदों ने काम न होने से नाराज होकर जलपान का बहिष्कार किया। इस दौरान ईओ पवन किशोर ने आय-व्यय का व्यौरा दिया। बताया कि माह दिसंबर तक नगर पालिका की कुल 14.40 करोड़ रुपए की आय हुई और करीब 1.43 करोड़ रुपए का खर्च आया। वहीं 12. 96 करोड़ की बचत हुई है। उन्होंने सभासदों को समझाते हुए कहा कि वार्डों में समान रूप से काम कराया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक अकरम काजमी, अखिलेश कुमार, राजस्व निरीक्षक शिवांशी, सभासद संघ अध्यक्ष चक्र सुदर्शन पांडेय, उमेश वर्मा, आसिफ सईद, अय्यूब डंपी, अशोक कुमार, कमर अली, प्रेमचंद, मुन्नी देवी, राना राशिद, शीबा खातून सहित समस्त सभासद मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




