
एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ
Sitapur News - सीतापुर में एक तेंदुआ 25 दिन से इलाके में दहशत फैला रहा था। बुधवार को, तेंदुआ एक पिंजड़े में कैद हुआ जिसे वन विभाग ने तैयार किया था। तेंदुए ने दो लोगों पर हमला किया और 10 से अधिक मवेशियों का शिकार किया था। अब इसे पीलीभीत के जंगल में छोड़ा जाएगा।
सीतापुर, संवाददाता। जिले में डेढ़ माह से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ संदना के खेउटा रामपुर में ब्लॉक प्रमुख के फार्म हाउस के पास लगे पिंजड़े में कैद हो गया। बुधवार सुबह पिंजड़े में कैद तेंदुए को देख ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। भीड़ को दूर कर एहतियात बरतते हुए तेंदुए को इलसिया पार्क ले आया गया। खेउटा रामपुर, दहिलरा, बिरहिमपुर महोली, ऐलिया, मिश्रिख, हरगांव व आसपास के इलाके में तेंदुए की दहशत बनी हुई थी। तेंदुआ अब तक दो लोगों पर हमला बोल 10 से अधिक मवेशी को अपना शिकार बना चुका था।
पकड़ा गया तेंदुआ पीलीभीत के जंगल में छोड़ा जाएगा। 25 दिन में दो बार देखा गया था फार्म हाउस के पास तेंदुआ : गोंदलामऊ ब्लाक प्रमुख नमिता अवस्थी के खेउटा रामपुर स्थित फार्म हाउस के पास 25 दिन पहले तेंदुआ देखा गया था। तेंदुए की लोकेशन ट्रेस कर वन विभाग की टीम ने फार्म हाउस के पास पिंजड़ा लगा दिया था। तेंदुए को पिंजड़े में फंसाने के लिए बकरा भी बांधा था। पर तेंदुआ पिंजड़े की तरफ आ ही नहीं रहा था। 10 दिन पहले खेउटा रामपुर के ही इंद्रजीत सिंह फार्म हाउस से कुछ दूर चकरोड पर चहलकदमी करते देखा था। तेंदुआ उनसे कुछ दूरी पर था। किसी तरह उनकी जान बच गई थी। इसके बाद से आसपास तेंदुए की कोई लोकेशन ट्रेस नहीं हुई थी। वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग की रही थी। तेंदुआ किधर गया पर कुछ पता नही चल रहा था। मंगलवार देर रात पिंजड़े में बंधे बकरे का शिकार करने आया तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गया। डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। तेंदुए की स्थिति सामान्य है और उसे किसी तरह की चोट नहीं आई है। तेंदुए को इलसिया पार्क लाया गया है। टीम तेंदुए का परीक्षण कर रही है। परीक्षण के बाद उसे पीलीभीत के जंगल में लेजाकर छोड़ा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




