होली पर यात्रियों की सहूलियत के लिए अतिरक्त 50 बसें चलाई गईं
Sitapur News - सीतापुर में होली के त्योहार के नजदीक आने पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए 50 अतिरिक्त बसें चलाई हैं। ये बसें 28 फरवरी से 9 मार्च तक चलेंगी। चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सभी बसें ऑन रोड हैं।
सीतापुर, संवाददाता। होली का त्योहार नजदीक आ चुका है। ऐसे में रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। दूर दराज के शहरों में नौकरी करने वाले प्रवासियों ने घर वापसी करना शुरू कर दिया है। शनिवार को शहर के बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी। यात्रियों की सहूलियत के लिए होली पर परिवहन निगम ने 50 अतिरिक्त बसें चलाई हैं। यह बसें 28 फरवरी से नौ मार्च तक चलाई जाएंगी। बस स्टेशन पर अधिकतम यात्री दिल्ली, जयपुर, हरियाणा व पंजाब से सीतापुर आने वाले नजर आए। वहीं कुछ यात्री सीतापुर से लखनऊ, लखीमपुर, बहराइच व हरदोई जाने वाले रहे।
यात्रियों को आवागन में दिक्कत न हो, इसको लेकर परिवहन निगम की तैयारियां पूरी हैं। विभाग ने दिल्ली के लिए 40, जयपुर पांच, गोरखपुर चार व अन्य रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। इसके अलावा बसों के फेरों को भी बढ़ाया गया है। यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों को अलग-अलग रूटों पर डायर्ट किया जाएगा। उधर, कुछ यात्री बस स्टेशन पर कानपुर, बनारस, उन्नाव, रामपुर मथुरा आदि रूटों की ओर जाने वाली बसों का इंतजार करते नजर आए। दो मार्च को होलिका दहन होगा और तीन मार्च को रंग-अबीर उड़ेगा। ऐसे में नौकरी करने वाले लोगों ने घर वापसी करना शुरू कर दिया है। परिवहन निगम के बेड़े में कुल 217 बसें हैं। विभाग ने सभी बसों को ऑन रोड कर दिया है। वहीं निगम के सभी चालकों व परिचालकों की छुट्टियों को 28 फरवरी से नौ मार्च तक रद्द कर दिया गया है। इस दौरान यह सभी चालक यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसके एवज में विभाग इन सभी कर्मचारियों को निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगा। राकेश कुमार, एआरएम ने कहा कि होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है। बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। चालकों व परिचालकों की छुट्टियां निरस्त की गई है। आपात स्थित में ही अवकाश दिया जाएगा। बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



