Sitapur News: डंपर की टक्कर से महिला की मौत, बेटी समेत तीन घायल
Sitapur News: लहरपुर में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसके पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Sitapur News: लहरपुर, संवाददाता। लहरपुर-कसरैला मार्ग पर रविवार को ईंट भट्ठे के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और 15 वर्षीय बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में बेटी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।खैराबाद थाना क्षेत्र के बिहारीपुर टप्पा खजुरिया निवासी राज कुमार (38) रविवार को पत्नी रेनू (36) और बेटी शालू (15) के साथ बाइक से लहरपुर की ओर जा रहे थे।
ग्राम गनेशपुर के पास ईंट भट्ठे के निकट पीछे से आ रहे अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी। दूसरी बाइक पर परसा अमृतागंज, थाना खीरी निवासी सौरभ (17) अपनी मां सुनीता देवी के साथ था। टक्कर में सौरभ घायल हो गया, जबकि उसकी मां बाल-बाल बच गई। हादसे में रेनू की मौके पर ही मौत हो गई। राज कुमार, शालू और सौरभ को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शालू की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है। रेनू के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि हादसे में मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


