कर्ज चुकाने के नाम पर वृद्ध किसान से धोखाधड़ी
सीतापुर के एक 60 वर्षीय किसान ने बैंक कर्मचारियों पर जमीन हड़पने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित रामकिशुन ने 2016 में कृषि ऋण लिया था, लेकिन आरोपियों ने उसे ठगकर उसकी जमीन पांच के एंकर से अपने नाम करवा ली। अब पीड़ित न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहा है।

सीतापुर, संवाददाता। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरवा कालिका बक्स निवासी एक 60 वर्षीय वृद्ध किसान ने बैंक कर्मचारियों और उनके परिजनों पर जमीन हड़पने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुदकमा दर्ज कराया है। पीड़ित किसान रामकिशुन के अनुसार, उसने वर्ष 2016 में इण्डियन बैंक शाखा कमोलिया से 1.10 लाख रुपये का कृषि ऋण लिया था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बैंक में कार्यरत रोहित कुमार और मोहित सिंह उनके घर आकर कर्ज न चुकाने पर जमीन नीलाम करने की धमकी देते थे। इसी दौरान, दोनों आरोपियों ने उसे झांसे में लिया कि वह उसका कर्ज चुकता करा देंगे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 9 अप्रैल 2025 को आरोपी उसे सीतापुर तहसील ले गए और कागज पर अंगूठा लगवाकर 1000 वर्ग फिट जमीन का बैनामा अपने पिता संतोष सिंह के नाम करा लिया। इसके बाद 1 मई 2025 को पुनः तहसील ले जाकर 850 वर्ग फिट जमीन का दूसरा बैनामा अपने नाम करवा लिया। पीड़ित का कहना है कि वह अशिक्षित है, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने छल-कपट से भूमि हथिया ली।पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि बैनामे के बदले जो पैसा उसके खाते में चेक के जरिए जमा दिखाया गया, उसे आरोपियों ने बैंक मैनेजर की मिलीभगत से बिना उसके पैन कार्ड के और बिना उसकी जानकारी के नकद निकाल लिया। पीड़ित ने जब 7 अक्टूबर 2025 को बैंक जाकर अपना स्टेटमेंट निकलवाया, तब उसे जालसाजी का पता चला। पीड़ित ने पुलिस से इंसाफ नहीं मिलने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय में आदेश पर पुलिस ने मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


