
अनुपस्थित मिले सीएचसी अधीक्षक, एक दिन का वेतन कटा
Sitapur News - जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपतिआर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक अनुपस्थित पाए गए, जिसके लिए उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। ड्यूटी चार्ट न लगाने और गंदगी पर भी कार्रवाई की गई। DM ने सभी कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पालन करने की चेतावनी दी।
अकबरपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपतिआर ने रविवार देर रात 11:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक सीएचसी पर मौजूद नहीं मिले। डीएम ने इमरजेंसी, लेबर रूम, नवजात शिशु देखभाल इकाई ( एनबीएसयू) कक्ष, मातृ सुरक्षा केंद्र आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी परिसर में उन्हें गंदगी की भरमार मिली। डीएम ने सीएचसी अधीक्षक का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। डीएम डॉ. राजा गणपतिआर ने परसेंडी सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक यादव के अनुपस्थित होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। हालांकि वार्ड ब्वॉय ने सीएचसी अधीक्षक के अवकाश का प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया, जिस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार से पूछा कि इस आवेदन पर उनके हस्ताक्षर क्यों नहीं हैं, जिस पर सीएमओ ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक यादव के अवकाश से संबंधित कोई भी प्रार्थना पत्र उनके पास नहीं आया है।

जिस पर जिलाधिकारी ने सीएचसी अधीक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं बीपीएम हरकेश वर्मा द्वारा रजिस्टर को अपडेट न करने पर 15 दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। प्रसव कक्ष में ड्यूटी पर एक मात्र स्टाफ नर्स की तैनाती होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न होने की हिदायत दी। उन्होंने इमरजेंसी में ड्यूटी चार्ट चस्पा न होने पर नाराजगी जताई और ड्यूटी चार्ट चस्पा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीएचसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति को सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं और समुचित उपचार उपलब्ध हो। इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




