- खेत से ट्रैक्टर निकालने से मना करने पर दबंगों ने घर घुसकर परिवार को पीटा
सीतापुर के ग्राम नौनेर में एक दलित महिला नीता के साथ दबंगों ने मारपीट की और जातिसूचक गालियां दी। पीड़ित ने शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हरगांव पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सीतापुर, संवाददाता। हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नौनेर में एक दलित महिला के साथ दबंगों ने मारपीट करते हुए जातिसूचक गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्यवाही नहीं की। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। ग्राम नौनेर निवासी नीता पत्नी रमेश का आरोप है कि गांव के ही भानू, सतीश और रामगोपाल दीक्षित उसे लगातार परेशान करते हैं। 17 मार्च 2026 को उसने आरोपियों को उसके खेत से जबरन ट्रैक्टर-ट्राली निकालने से मना किया, तो वह लड़ाई झगड़ा करने लगे। भानू तमंचा लेकर उसके घर पहुंच गया और गाली गलौज करने लगा।
विरोध करने पर तीनों ने घर में घुसकर उसे लात-घूसों से मारा-पीटा और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। साथ ही, उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसने चौकी झरेखापुर और एसपी को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। आरोपियों ने पुलिस की मिलीभगत से दबाव बनाकर जबरन सुलहनामा लिखवा लिया। आरोप है कि सुलह के बाद भी आरोपी उसे गांव से भगाने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट में मुकदमे का आदेश किया। जिसके बाद हरगांव पुलिस ने मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू की। हरगांव पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।


